ताले टूटे और उड़ गया सब कुछ….. महाराजगंज के हनुमान मंदिर में रात के अंधेरे का वो खौफनाक सच

बस्ती जिले के हर्रैया थाना क्षेत्र स्थित महाराजगंज हनुमानगढ़ी के प्राचीन मंदिर में अज्ञात चोरों ने चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश है और लोगों ने पुलिस से जल्द खुलासे की मांग की है।

Post Published By: Komal Chauhan
Updated : 3 August 2026, 4:19 PM IST
google-preferred

Basti: बस्ती जिले के हर्रैया थाना क्षेत्र के महाराजगंज हनुमानगढ़ी स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर में अज्ञात चोरों ने देर रात चोरी की बड़ी घटना को अंजाम दिया। चोर मंदिर से भगवान हनुमान का चांदी का मुकुट, चांदी का छत्र, गदा, दानपात्र में रखी नकदी, पंखा और अन्य कीमती सामान चोरी कर फरार हो गए। सुबह जब मंदिर के पुजारी और श्रद्धालु पूजा के लिए पहुंचे तो चोरी की जानकारी होने पर हड़कंप मच गया।

घटना से श्रद्धालुओं और ग्रामीणों में नाराजगी

मंदिर में चोरी की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। लोगों ने घटना पर गहरा दुख और नाराजगी जताई। उनका कहना है कि धार्मिक स्थलों पर लगातार हो रही चोरी की घटनाएं चिंता का विषय हैं। लोगों ने पुलिस प्रशासन से जल्द से जल्द चोरों की गिरफ्तारी और चोरी गए सामान की बरामदगी की मांग की है।

यहां भी पढ़ें: बस्ती में ऐसा क्या हुआ की सुबह-सुबह मचा हड़कंप, कई लोग पहुंचे अस्पताल

पहले भी हो चुकी हैं कई चोरी की घटनाएं

स्थानीय लोगों के अनुसार, यह पहली घटना नहीं है। कुछ दिन पहले मंदिर के पास खड़ी एक साइकिल दिनदहाड़े चोरी हो गई थी। इसके अलावा कुछ वर्ष पहले मंदिर परिसर में लगे आरओ प्लांट का मोटर भी चोरी हो गया था, जिसका अब तक खुलासा नहीं हो सका है। यही नहीं, मुर्दहवा घाट स्थित एक ग्राहक सेवा केंद्र में भी चोरी की वारदात सामने आ चुकी है। लगातार हो रही इन घटनाओं से लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ती जा रही है।

यहां भी पढ़ें: जख्म… कत्ल या कुछ और? बस्ती के अंबेडकर नगर ताल के पास लाश मिलने से मचा हड़कंप

पुलिस से सुरक्षा बढ़ाने और जल्द खुलासे की मांग

ग्रामीणों और श्रद्धालुओं का कहना है कि क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए पुलिस को गश्त बढ़ानी चाहिए। उनका कहना है कि यदि समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो अपराधियों के हौसले और बढ़ सकते हैं।

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और संभावित साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही चोरी का खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा। स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि पुलिस जल्द आरोपियों तक पहुंचकर चोरी गए सामान को बरामद करेगी और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाएगी।

Location :  Basti

Published :  3 August 2026, 4:19 PM IST

Advertisement