हिंदी
जिला कचहरी परिसर में मचा हड़कंप (इमेज सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
Budaun: जिला कचहरी परिसर में सोमवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई जब गार्द रूम के अंदर एक चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, न्यायिक अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंच गए। पूरे परिसर में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
मृतक की पहचान सुधीर कुमार (32) पुत्र महेंद्र कुमार निवासी बीडीए कॉलोनी, जिला बरेली के रूप में हुई है। वह बदायूं कचहरी परिसर में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के पद पर तैनात था।
जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह अन्य कर्मचारियों ने रूम के अंदर सुधीर को फंदे से लटका देखा। तुरंत इसकी सूचना थाना सिविल लाइन पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम भारी बल के साथ मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतारा। साथ ही कोर्ट परिसर के सभी अधिकारी और कर्मचारी भी मौके पर पहुंच गए।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बदायूं जिला अस्पताल भेज दिया। अस्पताल के डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया और शव को पोस्टमार्टम हाउस में रखवा दिया।
थाना सिविल लाइंस पुलिस ने घटना की सूचना मृतक के परिजनों को दी। सूचना मिलते ही परिजन बदायूं जिला अस्पताल पहुंचे। बेटे की मौत की खबर सुनकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। अस्पताल परिसर में परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया।
फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Location : Budaun
Published : 11 May 2026, 6:28 PM IST