मेरठ में BSP नेता को मारी गोली: लड़की, चुनावी रंजिश और निजी दुश्मनी के बीच उलझी पुलिस

बसपा नेता को मेरठ में सरेआम गोली मारी। जिसके बाद मौके पर हड़कंप मच गया। पढ़िए डाइनामाइट न्यूज़ की पूरी रिपोर्ट

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 22 June 2025, 1:14 PM IST
google-preferred

मेरठ: मवाना थाना क्षेत्र में शनिवार रात एक सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी। बसपा नेता इमरान इलाही (46) पर तीन बाइक सवार बदमाशों ने गोल मार्केट स्थित उनके शोरूम में घुसकर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। हमले में इमरान गंभीर रूप से घायल हो गए। गोली लगने से उनका एक गुर्दा बाहर आ गया। फिलहाल बसपा नेता जसवंत राय हॉस्पिटल में वेंटिलेटर पर भर्ती हैं, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।

डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के मुताबिक, वारदात शनिवार रात करीब 11:30 बजे की है। इमरान गोल मार्केट में स्थित लिबर्टी शू शोरूम में काउंटर पर बैठे थे। तभी तीन बदमाश बाइक पर आए और शोरूम में घुसते ही इमरान पर गोलियां बरसानी शुरू कर दीं। दो गोलियां उनकी पीठ और कमर में लगीं। एक गोली इतनी अंदर तक घुसी कि उनका एक गुर्दा बाहर आ गया। घटना से शोरूम और बाजार में अफरा-तफरी मच गई।

दुकानदारों ने बचाई जान, बदमाश भाग निकले

फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के दुकानदार दौड़े और बदमाशों को ललकारा। उन्हें देखकर हमलावर चेहरे गमछे से ढंके हुए बाइक से फरार हो गए। इमरान को तत्काल कार में डालकर अस्पताल पहुंचाया गया।

राजनैतिक और व्यक्तिगत रंजिश के बीच उलझी जांच

इमरान इलाही बसपा के सक्रिय नेता हैं और नगर पालिका अध्यक्ष का चुनाव भी लड़ चुके हैं। पुलिस को शक है कि हमला राजनीतिक रंजिश या निजी विवाद का नतीजा हो सकता है। सीओ अभिषेक पटेल ने बताया कि वारदात वाली जगह पर CCTV नहीं था, लेकिन नजदीकी कैमरे में बाइक सवार बदमाश भागते नजर आए हैं। उनके चेहरे गमछे से ढके हुए हैं। पुलिस तकनीकी सर्विलांस और स्थानीय सूत्रों से बदमाशों को ट्रेस कर रही है।

लड़की को लेकर पुराना विवाद भी जांच के घेरे में

स्थानीय लोगों का कहना है कि हमले से दो दिन पहले एक लड़की को लेकर इमरान का कुछ लोगों से विवाद हुआ था। आरोप है कि इमरान कुछ लड़कियों को मुफ्त में जूते देते थे। साल 2010 में भी वे एक युवती के साथ आपत्तिजनक हालत में पकड़े गए थे, तब भी उनके साथ मारपीट और फायरिंग की गई थी। पुलिस इस पुराने विवाद और हालिया झगड़े को भी गंभीरता से ले रही है।

बेटा आगाज ने दर्ज कराई FIR

इमरान के बेटे आगाज इलाही ने हमले को लेकर एफआईआर दर्ज कराई है। पुलिस अब चुनावी रंजिश, निजी दुश्मनी और लड़की से जुड़े विवाद तीनों कोणों से जांच कर रही है।

Location : 

Published :