हिंदी
गोलीकांड में घायल भट्ठा व्यापारी की लखनऊ में मौत (img: Dynamite News)
Hardoi: हरदोई में जमीन विवाद को लेकर हुए खूनी संघर्ष ने अब एक परिवार से उसका सहारा छीन लिया है। गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हुए भट्ठा व्यापारी विद्या प्रकाश अग्निहोत्री उर्फ मल्लू की लखनऊ में इलाज के दौरान मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही गांव में शोक के साथ आक्रोश फैल गया। परिजनों ने आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई और बुलडोजर एक्शन की मांग करते हुए शव का अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया है। यह पूरा मामला हरदोई जिले के बेहटा गोकुल थाना क्षेत्र के शिरोमन नगर गांव का है।
जानकारी के मुताबिक, शिरोमन नगर गांव में खेत को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद चल रहा था। आरोप है कि इसी विवाद के दौरान दूसरे पक्ष ने भट्ठा व्यापारी विद्या प्रकाश अग्निहोत्री उर्फ मल्लू पर हमला कर दिया। परिजनों का आरोप है कि पहले उनके साथ मारपीट की गई और फिर जान से मारने की नीयत से गोली मार दी गई। गोली लगने के बाद मल्लू गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें इलाज के लिए पहले जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन हालत नाजुक होने के कारण डॉक्टरों ने उन्हें लखनऊ रेफर कर दिया था।
लखनऊ में डॉक्टरों की टीम लगातार उनका इलाज कर रही थी, लेकिन गंभीर चोटों के कारण उनकी हालत में सुधार नहीं हो सका। आखिरकार इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। जैसे ही गांव में उनकी मौत की खबर पहुंची, माहौल गमगीन हो गया। परिवार और ग्रामीणों में नाराजगी देखने को मिली।
ऑनर किलिंग से दहला हरदोई: घरवालों ने की बेटी की पीट-पीटकर कर हत्या, बाग में किया अंतिम संस्कार
बताया जा रहा है कि घटना के दौरान मल्लू को बचाने पहुंचे अमित, अंकित, मंजेश और राकेश भी हमले में घायल हुए थे। परिजनों का कहना है कि यह कोई अचानक हुआ विवाद नहीं था, बल्कि पूरी साजिश के तहत हमला किया गया। उनका आरोप है कि आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से फायरिंग की थी।
मामले में अब पुलिस की कार्रवाई भी सवालों के घेरे में आ गई है। परिजनों और ग्रामीणों का आरोप है कि घटना के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया। आरोप है कि शुरुआत में स्थानीय पुलिस ने केवल मारपीट की जानकारी होने की बात कही थी और फायरिंग की पुष्टि नहीं की थी। अब जब घायल व्यापारी की मौत हो चुकी है तो लोगों का कहना है कि अगर पुलिस ने शुरुआत से ही गंभीरता दिखाई होती तो शायद स्थिति अलग हो सकती थी।
मल्लू की मौत के बाद अब यह मामला हत्या में बदल गया है। पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। गांव में तनाव को देखते हुए सुरक्षा के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है।
मृतक के परिजन अब न्याय की मांग को लेकर अड़े हुए हैं। उनका कहना है कि जब तक आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई नहीं होती और उन्हें न्याय का भरोसा नहीं मिलता, तब तक वे शव का अंतिम संस्कार नहीं करेंगे। परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कदम उठाने और उनके घरों पर बुलडोजर कार्रवाई की मांग की है।
Location : Hardoi
Published : 20 June 2026, 12:33 PM IST