हिंदी
बरेली में बोर्ड कंपार्टमेंट परीक्षा (Img: Dynamite News)
Bareilly: बरेली जिले में मंगलवार को यूपी बोर्ड की हाईस्कूल इंप्रूवमेंट व कंपार्टमेंट परीक्षा कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरू हुई। सुबह सात बजे से ही परीक्षार्थी परीक्षा केंद्रों पर पहुंचने लगे। पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज में रोल नंबर का मिलान करने के बाद लंबी कतारों में खड़े होकर अभ्यर्थियों ने केंद्र में प्रवेश किया। परीक्षा सुबह 8:30 बजे से 11:45 बजे तक आयोजित की गई।
परीक्षा शुरू होने से पहले शिक्षकों ने सभी परीक्षार्थियों की गहन जांच की। यह सुनिश्चित किया गया कि कोई भी अभ्यर्थी नकल सामग्री, मोबाइल फोन या अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण लेकर परीक्षा कक्ष में प्रवेश न करे। जांच पूरी होने के बाद ही परीक्षार्थियों को परीक्षा कक्ष में बैठने की अनुमति दी गई।
यूपी बोर्ड की इंटरमीडिएट इंप्रूवमेंट व कंपार्टमेंट परीक्षा दूसरी पाली में दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में आयोजित की जाएगी। परीक्षा को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने विशेष इंतजाम किए हैं।
यूपी बोर्ड के साथ ही सीबीएसई की इंटरमीडिएट कंपार्टमेंट व इंप्रूवमेंट परीक्षा भी मंगलवार सुबह 10 बजे से शुरू हुई। जिले में यूपी बोर्ड के लिए दो परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जबकि सीबीएसई की ओर से सात केंद्र निर्धारित किए गए हैं। इनमें पांच केंद्र बरेली शहर, जबकि एक-एक केंद्र नवाबगंज और बहेड़ी में स्थापित किए गए हैं।
ये भी पढ़ें - नकल का वीडियो बनाना छात्र को पड़ा भारी! UP Board ने रिजल्ट किया रद्द, स्कूल 3 साल के लिए ब्लैकलिस्ट
परीक्षाओं को नकलविहीन और पारदर्शी बनाने के लिए सभी परीक्षा केंद्रों पर मजिस्ट्रेट और केंद्र प्रभारियों की तैनाती की गई है। प्रशासनिक अधिकारी लगातार केंद्रों का निरीक्षण कर परीक्षा व्यवस्था पर नजर बनाए हुए हैं, ताकि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी की संभावना न रहे।
Location : Bareilly
Published : 28 July 2026, 3:34 PM IST