बरेली में बारिश के बीच बेकाबू होकर पलटा सीएनजी टैंकर, मची अफरा-तफरी, बिजली बंद कर इलाका किया सील

बरेली के बारादरी क्षेत्र स्थित महर्षि चौक पर बारिश के दौरान एक सीएनजी टैंकर अनियंत्रित होकर पलट गया। टैंकर में 5-10% गैस बची होने से बड़ा विस्फोट टल गया। प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनजर 200 मीटर इलाका सील कर बिजली बंद कराई और जांच जारी है।

Updated : 20 July 2026, 12:51 PM IST
google-preferred

Bareilly: उत्तर प्रदेश के बरेली शहर में सोमवार को एक भयानक हादसा होते-होते रह गया। बारादरी थाना क्षेत्र के संजय नगर स्थित महर्षि चौक पर तड़के एक सीएनजी टैंकर बेकाबू होकर सड़क पर पलट गया। राहत की बात यह रही कि टैंकर में सिर्फ 5 से 10 फीसदी ही गैस बची थी, जिसके चलते एक बड़ा विस्फोट होने से बच गया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और प्रशासनिक महकमे ने तुरंत मोर्चा संभाल लिया।

बारिश और फिसलन बनी हादसे की वजह

घटना सुबह करीब 5 बजे की है, जब पूरे शहर में तेज बारिश हो रही थी। टैंकर चालक हल्द्वानी में सीएनजी खाली करके वापस लौट रहा था। चौक के पास बने स्पीड ब्रेकर पर जैसे ही चालक ने ब्रेक लगाया, बारिश के कारण सड़क पर बनी फिसलन की वजह से टैंकर का दाहिना पहिया फिसल गया। अनियंत्रित टैंकर महर्षि कश्यप की प्रतिमा के फाउंडेशन से टकराकर सीधे सड़क पर पलट गया।

यह बी पढ़ें-मुजफ्फरनगर में पुलिस और शातिर चोरों के बीच मुठभेड़; एक को लगी गोली, दूसरा तलाशी में गिरफ्तार

तेज धमाके से सहमे लोग, कांच तोड़कर निकाला गया ड्राइवर

टैंकर के गिरते ही एक तेज धमाका हुआ और उससे गैस निकलने जैसी डरावनी आवाज आने लगी। आवाज सुनकर आसपास के घरों में सो रहे लोग दहशत में बाहर निकल आए। इसी बीच पास के एक पेट्रोल पंप के कर्मचारी बिना वक्त गंवाए मौके पर पहुंचे। उन्होंने मुस्तैदी दिखाते हुए टैंकर का कांच तोड़ा और घायल चालक को सुरक्षित बाहर निकाला। गनीमत रही कि चालक को मामूली चोटें ही आईं।

वॉल्व क्षतिग्रस्त, 200 मीटर का इलाका सील

मुख्य अग्निशमन अधिकारी संजीव यादव के मुताबिक, टक्कर के चलते टैंकर का वॉल्व पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। वॉल्व खराब होने से अंदर बची हुई गैस के रिसाव का खतरा पैदा हो गया। घनी आबादी और पास में ही पेट्रोल पंप होने के कारण प्रशासन ने तुरंत पूरे इलाके की बिजली आपूर्ति बंद करवा दी। सुरक्षा के लिहाज से टैंकर के आसपास 200 मीटर के क्षेत्र को बैरिकेडिंग करके पूरी तरह सील कर दिया गया है।

यह भी पढ़ें-गोरखपुर: जलभराव पर सख्त हुआ प्रशासन, मंडलायुक्त-डीएम सड़क पर उतरे

दमकल गाड़ियां तैनात, तकनीशियनों का इंतजार

हादसे वाली जगह पर दमकल विभाग की दो गाड़ियां मुस्तैद कर दी गई हैं। टैंकर को सीधा करने के लिए भारी हाइड्रा मशीनें मंगाई गई हैं। इसके अलावा टैंकर कंपनी की विशेष तकनीकी टीम को भी सूचना दी गई है। तकनीशियनों द्वारा गैस के दबाव का आकलन करने के बाद ही टैंकर को हटाने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि हालात पूरी तरह नियंत्रण में हैं और नागरिकों से सील किए गए दायरे से दूर रहने की अपील की गई है।

Location :  Bareilly

Published :  20 July 2026, 12:51 PM IST

Related News

Advertisement