गोरखपुर: जलभराव पर सख्त हुआ प्रशासन, मंडलायुक्त-डीएम सड़क पर उतरे

लगातार बारिश से गोरखपुर के कई इलाके जलमग्न हो गए हैं और सड़कों से लेकर मोहल्लों तक आम लोगों की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। हालात की गंभीरता को देखते हुए रविवार को मंडलायुक्त अनिल ढींगरा और जिलाधिकारी दीपक मीणा खुद सड़क पर उतरे।

Gorakhpur: लगातार हो रही बारिश के बाद शहर के कई इलाकों में जलभराव से आमजन की बढ़ती परेशानियों को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। रविवार को मंडलायुक्त अनिल ढींगरा और जिलाधिकारी दीपक मीणा ने शहर के विभिन्न जलभराव प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर हालात का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने साफ संदेश दिया कि जलनिकासी में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।

अधिकारी रहे मौजूद

मंडलायुक्त और डीएम ने धर्मशाला अंडरपास, असुरन चौक स्थित राप्ती कॉम्प्लेक्स, बशारतपुर, विजय चौराहा, सिविल लाइन (स्कूल रोड), विरासत गलियारा रोड तथा घोष कंपनी चौराहा से मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय तक कई स्थानों का निरीक्षण किया। इस दौरान नगर आयुक्त, गोरखपुर विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष और संबंधित विभागों के अधिकारी भी अपनी-अपनी टीमों के साथ मौजूद रहे।

निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जहां भी जलभराव की स्थिति बनी हुई है, वहां तत्काल पंपसेट लगाकर तेजी से पानी की निकासी कराई जाए।

उन्होंने कहा कि केवल पानी निकालना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि जल निकासी के बाद सड़कों पर जमा कीचड़ और गंदगी को भी तुरंत साफ कराया जाए, ताकि लोगों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

एच.एन. सिंह चौराहे से गोरखनाथ थाना तक निर्माणाधीन सड़क पर जगह-जगह गड्ढों और जलभराव की स्थिति देखकर मंडलायुक्त ने नाराजगी जताई। उन्होंने लोक निर्माण विभाग (निर्माण खंड-3) के अधिकारियों को तत्काल सड़क को गड्ढामुक्त करने, जल निकासी की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने और निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।

गोरखपुर के अभिषेक साहनी का कमाल; थाईलैंड एशियन आर्म्स बॉक्सिंग चैंपियनशिप के लिए भारतीय टीम में चयन

मंडलायुक्त ने अफसरों को दिए निर्देश

मंडलायुक्त ने अधिकारियों से कहा कि हर वर्ष जिन क्षेत्रों में जलभराव की समस्या दोहराई जाती है, वहां केवल अस्थायी उपाय नहीं बल्कि स्थायी समाधान की कार्ययोजना तैयार कर शीघ्र अमल में लाई जाए।

उन्होंने आगामी बारिश को देखते हुए संवेदनशील और निचले इलाकों में पहले से आवश्यक संसाधन, पंपसेट और कर्मचारियों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।

गोरखपुर में बड़ा हादसा, अंतिम संस्कार के बाद सरयू नदी में नहाने उतरे व्यक्ति की डूबने से मौत

संबंधित अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई

निरीक्षण के अंत में मंडलायुक्त ने स्पष्ट कहा कि जनता को राहत पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। यदि जल निकासी, सड़क मरम्मत या सफाई कार्य में किसी स्तर पर लापरवाही मिली तो संबंधित अधिकारी सीधे जिम्मेदार होंगे और उनके विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि शहर में जलभराव की समस्या से जल्द राहत दिलाने के लिए लगातार निगरानी और अभियान जारी रहेगा।

Location :  Gorakhpur

Published :  20 July 2026, 1:54 AM IST

Advertisement