हिंदी
घर बना पटाखों का गोदाम
Gorakhpur: लाइसेंसी भंडारण गोदाम में रखे जाने वाले विस्फोटक पदार्थों को आवासीय मकान में अवैध तरीके से रखने के मामले में सिकरीगंज पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से बड़ी मात्रा में रेडीमेड पटाखे बरामद किए हैं। कार्रवाई के बाद दोनों आरोपियों के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, 31 अगस्त को थाना सिकरीगंज क्षेत्र के ढखवा बाजार स्थित लाइसेंसी विस्फोटक भंडारण गोदाम का निरीक्षण किया गया। गोदाम लाइसेंसी धारक दयाशंकर पुत्र स्व. गंगा प्रसाद निवासी ढखवा बाजार के नाम से है।
निरीक्षण के दौरान गोदाम पूरी तरह खाली मिला। इस पर लाइसेंसी धारक से पूछताछ की गई। संदेह के आधार पर उसके आवासीय मकान की तलाशी ली गई तो लाइसेंस के तहत भंडारित की जाने वाली विस्फोटक सामग्री वहां रखी मिली।
जांच में सामने आया कि दयाशंकर का मकान आबादी वाले आवासीय क्षेत्र में स्थित है और वहां विस्फोटक सामग्री का भंडारण लाइसेंस में निर्धारित शर्तों के विपरीत था। पुलिस ने लाइसेंस की शर्तों का उल्लंघन पाए जाने पर बरामद विस्फोटक सामग्री को नियमानुसार कब्जे में ले लिया। मामले में दयाशंकर और उसके पुत्र गणेशदत्त को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने बताया कि बरामद सामग्री में Azad Party Paper के दो, JABBONG (PENTA कटा हुआ) के दो, CHIDAMBARAM PENTA के तीन, Lion 1 Superstar के दो, Lion 2 के दो, Wonders के दो, मेहंदी द स्टार के पांच, JHAKAAS के तीन, BAHUBALI का एक, JOY के दो, FLASH के दो, DIGITAL BUMB का एक, MORI CHAAP के तीन और FLORALS का एक अदद पटाखा शामिल है। इसके अलावा पास में पड़े जूट के बोरे से Barat 60 Shot के तीन रेडीमेड पटाखे भी बरामद हुए।
बरामदगी और गिरफ्तारी के आधार पर थाना सिकरीगंज में मु0अ0सं0 250/2026, धारा 5/9-B विस्फोटक अधिनियम, 1884 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
कार्रवाई पुलिस अधीक्षक दक्षिणी के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी खजनी के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष आशीष कुमार दूबे व पुलिस टीम ने की। टीम में नायब तहसीलदार खजनी जाकिर हुसैन, उपनिरीक्षक राजेश कुमार सिंह और महिला उपनिरीक्षक ज्योति यादव शामिल रहीं।
Location : Gorakhpur
Published : 1 September 2026, 6:45 AM IST