हिंदी
Gorakhpur: पति-पत्नी के बीच बढ़ते वैचारिक मतभेद कई बार रिश्ते में ऐसी खटास पैदा कर देते हैं कि परिवार टूटने की कगार पर पहुंच जाता है। ऐसे मामलों में कानूनी कार्रवाई से पहले संवाद और समझौते की कोशिश परिवार को बचाने में अहम भूमिका निभाती है। गोरखपुर महिला थाना स्थित परिवार परामर्श केंद्र ने काउंसलिंग के जरिए ऐसे ही एक दंपती के बीच पैदा हुए मनमुटाव को दूर कर उनके रिश्ते में फिर से खुशियां लौटाने का सराहनीय प्रयास किया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गोरखपुर के निर्देश पर परिवार परामर्श केंद्र की टीम ने प्रथम पक्ष पुष्पा और द्वितीय पक्ष ईश्वरचंद्र से संबंधित प्रकरण में लगातार काउंसलिंग की। काउंसलरों ने दोनों पक्षों की समस्याओं और आपसी मतभेदों को गंभीरता से सुना तथा पति-पत्नी को एक-दूसरे की भावनाओं और पारिवारिक जिम्मेदारियों को समझने के लिए प्रेरित किया। कई दौर की बातचीत के बाद दोनों के बीच बनी दूरियां धीरे-धीरे कम हुईं और आपसी सहमति का रास्ता निकला।
यह भी पढ़ें - Gorakhpur News: नाबालिग के अपहरण-दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार, पुलिस से बचकर घूम रहा था… ऐसे चढ़ा हत्थे
काउंसलिंग के दौरान दंपती को समझाया गया कि छोटी-छोटी बातों को लेकर उत्पन्न विवाद को संवाद के माध्यम से सुलझाया जा सकता है। परिवार को साथ रखने के लिए एक-दूसरे के प्रति विश्वास, सम्मान और सहयोग जरूरी है। टीम की समझाइश और निरंतर प्रयास का असर यह रहा कि पति-पत्नी ने आपसी मतभेद भुलाकर साथ रहने पर सहमति जताई।
परिवार परामर्श केंद्र के अनुसार दोनों पति-पत्नी खुशी-खुशी और बिना किसी दबाव के एक-दूसरे के साथ रहने के लिए राजी हुए हैं। दोनों ने साथ मिलकर अपनी पारिवारिक जिम्मेदारियों का निर्वहन करने की सहमति भी व्यक्त की। उनके बीच समझौता होने के बाद परिवार में फिर से सौहार्दपूर्ण माहौल बनने की उम्मीद जगी है।
परिवार परामर्श केंद्र की यह पहल इस बात का उदाहरण है कि पारिवारिक विवादों में समय रहते संवाद और सकारात्मक काउंसलिंग से रिश्तों को टूटने से बचाया जा सकता है। पुलिस की इस पहल का उद्देश्य केवल विवाद का समाधान करना ही नहीं, बल्कि परिवारों में आपसी विश्वास और सामंजस्य कायम करना भी है।
यह भी पढ़ें - Gorakhpur News: CM के गृह जनपद में कथित देह व्यापार का खेल? भैसा-महादेवा मार्ग पर गतिविधियों के आरोप, पुलिस पर उठे सवाल
इस प्रकरण में काउंसलर वशिष्ठ राय, विकास रंजन मणि त्रिपाठी, शिव प्रसाद शुक्ला, उपनिरीक्षक सुनीता सिंह, महिला कांस्टेबल शिखाश्री और महिला कांस्टेबल अनीषा चौहान की भूमिका सराहनीय रही। टीम के लगातार प्रयासों से पति-पत्नी के बीच बना मनमुटाव समाप्त हुआ और दोनों ने नए सिरे से साथ जीवन बिताने का निर्णय लिया।
Location : Gorakhpur
Published : 30 August 2026, 6:42 PM IST
Topics : Gorakhpur News Gorakhpur Police UP News UP Police