हिंदी
भारत मंडपम ब्रिक्स महासम्मेलन को लेकर ट्रैफिक और सुरक्षा सख्त (सोर्स- एक्स)
New Delhi: राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली में आगामी ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के सफल आयोजन के लिए प्रशासनिक मशीनरी पूरी तरह से मुस्तैद हो गई है। सम्मेलन के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा या व्यवधान से बचने के लिए एनडीएमसी (नई दिल्ली नगरपालिका परिषद) ने पूरे तंत्र को 24 घंटे के निगरानी मोड पर डाल दिया है। भारत मंडपम में 11 से 13 सितंबर तक आयोजित होने वाले इस प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय आयोजन के मद्देनजर 14 सितंबर तक हाई अलर्ट घोषित किया गया है। इस दौरान सुरक्षा, साफ-सफाई और आपसी समन्वय को लेकर विशेष कदम उठाए जा रहे हैं।
स्थिति पर लगातार नजर रखने के लिए पालिका केंद्र स्थित इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (आईसीसीसी) को 14 सितंबर तक चौबीसों घंटे के लिए सक्रिय कर दिया गया है। निगरानी को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए रात के समय भी एनडीएमसी के प्रमुख विभागों के नोडल अधिकारियों की तैनाती कंट्रोल रूम में सुनिश्चित की गई है। जैसे ही कोई समस्या या शिकायत सामने आएगी, संबंधित विभाग को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए जाएंगे। इस पूरी प्रक्रिया के दौरान विभिन्न एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना प्रशासन के सामने एक मुख्य चुनौती रहेगा।
दिन के समय सिविल, हॉर्टिकल्चर, पब्लिक हेल्थ, एन्फोर्समेंट, इलेक्ट्रिकल, ट्रांसपोर्ट, फायर और सिक्योरिटी जैसे तमाम विभाग अपने-अपने कार्यक्षेत्र की बारीकी से निगरानी करेंगे। मुख्य सुरक्षा अधिकारी को दिल्ली पुलिस और ट्रैफिक पुलिस के साथ समन्वय स्थापित करने की विशेष जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा, सीपीडब्ल्यूडी और अन्य संबंधित एजेंसियों के नोडल अधिकारी भी लगातार संपर्क में बने रहेंगे। कंट्रोल रूम में मिलने वाली हर शिकायत और उसके समाधान का पूरा रिकॉर्ड रखा जा रहा है, जिसके लिए अधिकारियों को विशेष रूप से लॉगबुक तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं ताकि शिकायत मिलने से लेकर निस्तारण तक के समय को ट्रैक किया जा सके।
सम्मेलन के स्वागत के लिए नई दिल्ली को संवारने का कार्य तेजी से चल रहा है। एनडीएमसी क्षेत्र के 17 प्रमुख गोलचक्करों पर भव्य सजावटी रोशनी लगाई जा रही है। पटेल चौक, विंडसर प्लेस, मंडी हाउस, तीन मूर्ति, लोक कल्याण, मान सिंह और प्रधानमंत्री गोलचक्कर जैसे महत्वपूर्ण स्थानों को रोशन किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, 11 बड़े होटलों और 10 एनडीएमसी भवनों पर भी विशेष सजावट होगी, जिसे 9 सितंबर तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। प्रमुख मार्गों पर एनडीएमसी की नर्सरी में तैयार 15 हजार से अधिक गमले सजाए जा रहे हैं, जबकि 15 स्थानों पर फूलों के बोर्ड और 9 जगहों पर फूलों के फव्वारे आकर्षण का केंद्र होंगे।
सम्मेलन के तय मार्गों से जुड़ी 41 प्रमुख सड़कों पर विशेष नजर रखी जा रही है, जिनमें से 32 सड़कों पर रंग-रोगन का कार्य पूरा हो चुका है। स्वच्छता बनाए रखने के लिए रात के समय 7 मशीनों से यांत्रिक सफाई और 10 दबावयुक्त जल मशीनों से सड़कों की धुलाई की जाएगी। जलभराव की आशंका वाले क्षेत्रों की पहचान कर नालों की गाद निकालने का काम पहले ही पूरा किया जा चुका है और संवेदनशील जगहों पर अतिरिक्त पंप लगाए गए हैं। सम्मेलन के प्रचार-प्रसार के लिए 309 स्थानों को सजाया गया है, जिनमें 154 डिजिटल स्क्रीन, 83 प्रचार पट्ट और 72 बस क्यू शेलल्टर शामिल हैं।
नाइजीरिया में तेल चोरी की खौफनाक सजा, पाइपलाइन से जहरीली गैस लीक होने से 37 लोगों की मौत
सुरक्षा और व्यवस्था के कारण राष्ट्रीय प्राणी उद्यान 11 से 13 सितंबर तक पर्यटकों के लिए पूरी तरह बंद रहेगा। प्रशासन ने तीन सितंबर को जारी आदेश के तहत इन तारीखों की टिकट बुकिंग भी रोक दी है, हालांकि पशुओं की देखरेख से जुड़ी आंतरिक सेवाएं सामान्य रूप से जारी रहेंगी। चिड़ियाघर के 14 सितंबर से दोबारा खुलने की संभावना है। वहीं, ब्रिक्स तैयारियों के तहत दिल्ली शनिवार को मोटर कारकेड की रिहर्सल कर रही है। इसके चलते सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक कई प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू रहेगा। पुलिस ने नागरिकों से मेट्रो जैसे सार्वजनिक परिवहन का अधिक उपयोग करने और यात्रा के लिए अतिरिक्त समय निकालने की अपील की है।
Location : New Delhi
Published : 5 September 2026, 9:15 AM IST
Topics : Bharat Mandapam brics summit 2026 Delhi Traffic Advisory NDMC Security New Delhi High Alert