Barabanki Police की खुली पोल: थाने में भिड़े दो सिपाही, मारपीट का CCTV वीडियो वायरल

बाराबंकी के बड्डूपुर थाने में दो पुलिसकर्मियों के बीच मारपीट का मामला सामने आया है। थाने के दफ्तर में आरक्षियों के बीच हुई हाथापाई का CCTV वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। मामले में पुलिस अधीक्षक ने दोनों सिपाहियों को लाइन हाजिर कर दिया है और वीडियो लीक होने की भी जांच शुरू कर दी गई है।

Post Published By: Rohit Goyal
Updated : 14 September 2026, 1:48 PM IST
google-preferred

Barabanki: बाराबंकी पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करने वाला मामला सामने आया है। बड्डूपुर थाने में तैनात दो आरक्षी आपस में भिड़ गए और थाने के दफ्तर में ही मारपीट करने लगे। दोनों पुलिसकर्मियों के बीच हुई हाथापाई का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

बताया जा रहा है कि यह घटना करीब 15 दिन पुरानी है। थाने में लगे सर्विलांस CCTV कैमरे में पूरी घटना रिकॉर्ड हो गई थी। वायरल वीडियो में आरक्षी अमरीश वर्मा और हरि बाबू एक-दूसरे से बहस करते और फिर मारपीट करते हुए नजर आ रहे हैं।

CCTV वीडियो वायरल होने के बाद विभाग में मचा हड़कंप

थाने के अंदर पुलिसकर्मियों के बीच मारपीट का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है। इस घटना ने पुलिसकर्मियों के अनुशासन और वर्दी की गरिमा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

वहीं, सबसे बड़ा सवाल यह भी उठ रहा है कि थाने की सुरक्षा और गोपनीयता से जुड़ी CCTV रिकॉर्डिंग आखिर सोशल मीडिया तक कैसे पहुंची। वीडियो वायरल होने के बाद बड्डूपुर थाना प्रभारी मनोज कुमार सोनकर की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए जा रहे हैं।

पुलिस विभाग अब दो स्तर पर जांच कर रहा है। एक तरफ सिपाहियों के बीच हुई मारपीट की जांच की जा रही है, वहीं दूसरी तरफ CCTV फुटेज बाहर आने के मामले की भी पड़ताल की जा रही है।

दोनों सिपाही लाइन हाजिर

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने दोनों आरक्षियों के खिलाफ कार्रवाई की है। अमरीश वर्मा और हरि बाबू को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया गया है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, दोनों पुलिसकर्मियों के व्यवहार को अनुशासनहीनता माना गया है। इसके साथ ही यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि CCTV रिकॉर्डिंग किस माध्यम से बाहर पहुंची और इसे सोशल मीडिया पर किसने प्रसारित किया।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Location :  Barabanki

Published :  14 September 2026, 1:48 PM IST

Advertisement