विदेश में नौकरी का सपना दिखाकर करोड़ों का खेल! फर्जी ई-वीजा रैकेट चलाने वाला दंपति गिरफ्तार

विदेश में नौकरी और वर्क परमिट का सपना दिखाकर 29 लोगों से 1 करोड़ रुपये से ज्यादा की ठगी का मामला सामने आया है। आणंद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कंसल्टेंसी चलाने वाले दंपति को गिरफ्तार किया है।

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 14 September 2026, 1:14 PM IST
google-preferred

Gandhinagar: गुजरात के आणंद जिले में पुलिस ने विदेश भेजने के नाम पर चल रहे एक बड़े फर्जीवाड़े का खुलासा किया है। विदेश में नौकरी और वर्क परमिट दिलाने का सपना दिखाकर लोगों से करोड़ों रुपये वसूलने वाले एक दंपति को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोप है कि दंपति ने अपनी कंसल्टेंसी के जरिए 29 नौकरी चाहने वालों से कुल 1 करोड़ 6 लाख 26 हजार 960 रुपये की ठगी की।

पुलिस की कार्रवाई के बाद इस मामले में विदेश जाने की तैयारी कर रहे लोगों को भी सतर्क रहने की जरूरत सामने आई है।

सोशल मीडिया के जरिए फंसाते थे

पुलिस के मुताबिक, आरोपी दंपति ‘कृष्णा ओवरसीज कंसल्टेंसी’ चला रहा था। सोशल मीडिया पर आकर्षक विज्ञापनों के जरिए विदेश में नौकरी दिलाने का दावा किया जाता था। विज्ञापनों में लोगों को सर्बिया, लातविया, क्रोएशिया, आर्मेनिया और दुबई जैसे देशों में नौकरी दिलाने की बात कही जाती थी। इतना ही नहीं, नौकरी के साथ रहने और खाने की सुविधा और वर्क परमिट उपलब्ध कराने का भी भरोसा दिया जाता था। विदेश में बेहतर नौकरी की उम्मीद में कई लोग इनके संपर्क में आए और कथित तौर पर बड़ी रकम जमा कर दी।

ये भी पढ़ें- मुरादाबाद में भीषण अग्निकांड: रामपुर दोराहा स्थित फैक्ट्री में लगी भयंकर आग, आसमान में छाया धुएं का गुबार

पैसे लेने के बाद थमा दिए फर्जी ई-वीजा

मामले में सबसे चौंकाने वाली बात यह सामने आई कि लोगों से पैसे लेने के बाद उन्हें असली दस्तावेजों के बजाय फर्जी ई-वीजा दिए गए। जब इन दस्तावेजों की सच्चाई सामने आई तो लोगों को अपने साथ हुई ठगी का पता चला।

जांच आगे बढ़ने पर पुलिस ने आरोपी दंपति तक पहुंच बनाई। पुलिस ने 41 वर्षीय अंकिताबेन हार्दिक शाह और उनके 47 वर्षीय पति हार्दिक हसमुखभाई शाह को गिरफ्तार किया है। दोनों मूल रूप से सोनगढ़, भावनगर के रहने वाले बताए गए हैं।

एक आरोपी अभी भी पुलिस की पकड़ से बाहर

इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि तीसरा आरोपी नंदकुमार दामूभाई उकाणी अभी फरार है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है। जांच के दौरान ठगी के तरीके और नेटवर्क से जुड़ी दूसरी जानकारियां भी सामने आने की उम्मीद है।

ये भी पढ़ें- रोटी कमाने निकले थे, पर लाश बनकर लौटे घर: अंबेडकरनगर में चिकन दुकानदार की हत्या से उजड़ गया हंसता-खेलता परिवार

पुलिस ने लोगों को किया सावधान

आणंद पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर विदेश में नौकरी, वीजा या वर्क परमिट से जुड़े आकर्षक विज्ञापनों को देखकर तुरंत भरोसा न करें। किसी भी एजेंसी को पैसा देने से पहले उसकी मान्यता, दस्तावेज और विदेश में नौकरी से जुड़े दावों की अच्छी तरह जांच करनी चाहिए।

Location :  Gandhinagar

Published :  14 September 2026, 1:14 PM IST

Advertisement