हिंदी
कछला के पास तेज रफ्तार बाइक का कहर
Badaun: जनपद में कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा के तमाम दावों के बावजूद लापरवाही का एक और मामला सामने आया है। उझानी कोतवाली क्षेत्र के कछला गांव के पास बुधवार शाम को तेज रफ्तार बाइक सवार की टक्कर से एक कांवड़िया गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को उपचार के लिए बदायूं जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घायल कांवड़िया की पहचान उस्मेंद्र पुत्र मैकूलाल, निवासी उपरैला, थाना अलापुर के रूप में हुई है। वह अपने साथियों के साथ कलश कावड़ लेकर कछला से जल भरकर पटना स्थित प्रसिद्ध देवकली मंदिर के लिए पैदल रवाना हुए थे।
जानकारी के मुताबिक रात करीब 9 बजे के आसपास जब कांवड़ियों की टोली कछला मार्ग से गुजर रही थी, तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने उस्मेंद्र को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कांवड़िया सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया और उसके पैर में चोटें आईं।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। साथ चल रहे अन्य कांवड़ियों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची उझानी कोतवाली पुलिस ने घायल को तत्काल एंबुलेंस से बदायूं जिला अस्पताल भिजवाया, बाइक सवार मौके से फरार हो गया। पुलिस ने बाइक की तलाश शुरू कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
घायल के साथी कांवड़ियों का कहना है कि कांवड़ यात्रा मार्ग पर भारी वाहनों और तेज बाइक के प्रवेश पर रोक के आदेश हैं, लेकिन रात के समय नियमों का पालन नहीं हो रहा। इसी कारण यह हादसा हुआ।
उल्लेखनीय है कि कांवड़ मेला अवधि में प्रशासन द्वारा "नो हादसा, नो एक्सीडेंट" अभियान चलाकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजामों का दावा किया गया था। बैरिकेडिंग, डायवर्जन और पुलिस गश्त के बावजूद इस तरह की घटना से व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
कछला क्षेत्र में कांवड़ियों की संख्या इस समय काफी अधिक है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि यात्रा मार्ग पर रात में अतिरिक्त पुलिस बल और स्पीड ब्रेकर लगाए जाएं, ताकि आगे इस तरह की दुर्घटनाओं को रोका जा सके।
Location : Badaun
Published : 12 August 2026, 10:47 PM IST