किसकी इतनी हिम्मत? बदायूं में सिपाही को गाड़ी से कुचलने का प्रयास, बाल-बाल बची जान

बदायूं के सहसवान में साप्ताहिक पशु बाजार के दौरान हंगामे का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है। आरोप है कि पशुओं से भरे डीसीएम को रोकने की कोशिश कर रहे सिपाही की तरफ चालक ने वाहन मोड़ दिया, जिसके बाद सिपाही ने भागकर जान बचाई...

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 24 September 2026, 9:02 PM IST
google-preferred

Budaun News: सहसवान कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला तकिया में गुरुवार को लगने वाले साप्ताहिक पशु बाजार में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब पशुओं से भरे एक डीसीएम चालक पर ड्यूटी पर तैनात सिपाही को कुचलने की कोशिश करने का आरोप लगा। बताया जा रहा है कि सिपाही ने समय रहते पीछे हटकर अपनी जान बचाई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसमें डीसीएम चालक वाहन लेकर आगे बढ़ता नजर आ रहा है। हालांकि, पुलिस के मुताबिक अभी इस संबंध में कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है।

हर गुरुवार लगता है पशुओं का बाजार

मोहल्ला तकिया में हर गुरुवार भैंस प्रजाति के पशुओं का साप्ताहिक बाजार लगता है। पशु प्रेमियों की ओर से लंबे समय से आरोप लगाए जाते रहे हैं कि बाजार से वाहनों में क्षमता से अधिक पशुओं को भरकर ले जाया जाता है। इन्हीं शिकायतों को देखते हुए गुरुवार को बाजार में पुलिस की ड्यूटी लगाई गई थी। दरोगा संजय सिरोही समेत कई पुलिसकर्मी मौके पर मौजूद थे।

पहले भी पुलिसकर्मियों पर हो चुकी है कार्रवाई

बताया गया है कि इसी पशु बाजार में पशुओं की कथित अवैध ढुलाई के मामले में लापरवाही के आरोप में 6 सितंबर को एक दरोगा और एक सिपाही को निलंबित किया जा चुका है। इसके बावजूद बाजार में ओवरलोडिंग को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

वीडियोग्राफी के दौरान मोबाइल छीनने का आरोप

गुरुवार को कुछ पशु प्रेमी संगठन के कार्यकर्ता बाजार में पहुंचे थे। उन्होंने पशुओं से भरे वाहनों की वीडियोग्राफी शुरू की। आरोप है कि इसी दौरान वहां मौजूद कुछ लोगों ने एक पशु प्रेमी का मोबाइल फोन छीन लिया। मामले की शिकायत पुलिस तक पहुंचने के बाद पुलिस ने हस्तक्षेप किया और कथित तौर पर मोबाइल वापस कराया। इसी बीच बाजार में विवाद बढ़ गया।

सिपाही ने रोका तो डीसीएम चालक ने बढ़ाई रफ्तार

बताया जा रहा है कि एक डीसीएम में पशुओं को भरने के दौरान वहां मौजूद सिपाही तनुज ने वाहन चालक को रोकने का इशारा किया। आरोप है कि चालक ने वाहन रोकने के बजाय उसकी रफ्तार बढ़ा दी और सिपाही की तरफ डीसीएम मोड़ दिया। सिपाही ने समय रहते भागकर खुद को बचाया। घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

पुलिस बोली- घबराकर निकल गया था चालक

सहसवान के एसपी ग्रामीण हिरदेश कठेरिया ने बताया कि सिपाही को कुचलने की कोशिश के संबंध में उनके सामने अभी कोई लिखित शिकायत नहीं आई है। उनके मुताबिक, शुरुआती जानकारी में सामने आया है कि वीडियोग्राफी होते देखकर चालक घबरा गया और डीसीएम लेकर वहां से निकल गया। पुलिस वीडियो के आधार पर डीसीएम चालक की पहचान करने की कोशिश कर रही है। जांच के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि वाहन चालक ने जानबूझकर सिपाही की तरफ डीसीएम मोड़ा था या वह मौके से घबराकर निकल रहा था।

Location :  Budaun

Published :  24 September 2026, 9:02 PM IST

Related News

Advertisement