हिंदी
कानपुर में रिश्तों का खौफनाक अंत
Kanpur: कानपुर के फीलखाना थाना क्षेत्र से एक दर्दनाक और सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां पारिवारिक विवाद ने एक परिवार को तबाह कर दिया। बालाजी धाम अपार्टमेंट में रहने वाले कपूर व्यापारी के बेटे मनीष गुप्ता की उनकी पत्नी द्वारा किए गए चाकू हमले में मौत हो गई। मनीष का पिछले 10 दिनों से हैलट अस्पताल में इलाज चल रहा था, जहां मंगलवार तड़के उन्होंने दम तोड़ दिया।
मनीष गुप्ता अपने पिता रामकिशोर गुप्ता के साथ नयागंज में कपूर का व्यापार करते थे। परिवार के अनुसार मनीष की शादी 30 जून 2017 को निहारिका से हुई थी। दंपती का एक छह साल का बेटा भी है, जिसका नाम विष्णु बताया गया है। घटना के बाद परिवार में मातम छा गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
परिजनों ने बताया कि पिछले दो वर्षों से घर में लगातार विवाद चल रहा था। विवाद की वजह पत्नी की किसी व्यक्ति से फोन पर बातचीत बताई जा रही है। पिता रामकिशोर गुप्ता के अनुसार, मनीष इस बातचीत का विरोध करता था, जिसको लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर कहासुनी होती रहती थी। परिवार का आरोप है कि इसी तनाव ने एक दिन हिंसक रूप ले लिया और 5 जून को विवाद के दौरान निहारिका ने मनीष पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
बताया जा रहा है कि विवाद के दौरान आरोपी पत्नी ने मनीष के पेट में चाकू से कई वार किए। गंभीर रूप से घायल मनीष को परिजन तुरंत हैलट अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों की टीम ने उनका इलाज शुरू किया। हालांकि, लगातार 10 दिन तक चले इलाज के बाद मंगलवार सुबह करीब 4 बजे डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
फीलखाना इंस्पेक्टर अभय सिंह ने बताया कि घटना के बाद आरोपी पत्नी निहारिका को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है ताकि घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सके।
अब कानपुर के हर रूट पर दौड़ेगी मेट्रो? 7 नए कॉरिडोर का आया प्लान
इस घटना के बाद सबसे बड़ा असर छह साल के मासूम बेटे विष्णु पर पड़ा है, जिसने अपने पिता को खो दिया है। परिवार और आसपास के लोगों में इस घटना को लेकर गहरा आक्रोश और शोक दोनों है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Location : Kanpur
Published : 16 June 2026, 3:41 PM IST