हिंदी
अपना दल महिला मंच की राष्ट्रीय अध्यक्ष दीपमाला कुशवाहा फतेहपुर के दौरे पर पहुँचीं, जहाँ कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। उन्होंने पंचायत चुनाव से 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारी का रोडमैप प्रस्तुत किया। साथ ही, SIR फॉर्म भरवाने के निर्देश दिए।
राष्ट्रीय अध्यक्ष दीपमाला कुशवाहा का दौरा
Fatehpur: उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में सोमवार को राजनीति का माहौल उस समय गर्म हो गया जब अपना दल (एस) महिला मंच की राष्ट्रीय अध्यक्ष दीपमाला कुशवाहा एक दिवसीय दौरे पर जिले में पहुँचीं। जैसे ही वह फतेहपुर पहुँचीं, महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष कांति कुशवाहा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। ढोल-नगाड़ों और फूल-मालाओं के बीच पार्टी कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
जिले में पहुंचने के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष का काफिला शहर के बिजली पासी चौराहा पहुँचा। यहाँ जिलाध्यक्ष शैलेन्द्र पटेल के नेतृत्व में ऐतिहासिक क्रांतिकारी बिजली पासी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। दीपमाला कुशवाहा ने कहा कि “बिजली पासी जैसे वीरों का इतिहास हमें समाज और देश के लिए समर्पण की सीख देता है। अपनी पार्टी भी इसी विचारधारा पर आगे बढ़ रही है।”
फतेहपुर: प्राथमिक विद्यालय में अध्यापक नदारत, बच्चों को स्कूल के बाहर बिताना पड़ा समय
सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि आगामी चुनावों को देखते हुए पार्टी बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने में जुटी है। उन्होंने कहा कि पार्टी में ज्यादा से ज्यादा लोगों को जोड़ने के लिए बूथ स्तर के पदाधिकारियों को पूरी जिम्मेदारी दी जा रही है। हर बूथ पर मजबूत संगठन ही जीत की कुंजी है।
उन्होंने कहा कि पंचायत चुनाव सिर्फ एक स्थानीय स्तर का चुनाव नहीं होगा, बल्कि 2027 के विधानसभा चुनाव की बुनियाद साबित होगा। दीपमाला ने कहा कि पंचायत चुनाव के परिणाम हमें यह बताएंगे कि जनता में हमारी कितनी पकड़ है और किन क्षेत्रों में और मजबूत काम करने की जरूरत है। महिला पदाधिकारियों की भूमिका इस बार बेहद अहम होगी।
दीपमाला कुशवाहा ने एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) प्रक्रिया का ज़िक्र करते हुए कहा कि प्रदेश में मतदाता सूची के पुनरीक्षण का काम चल रहा है। उन्होंने कहा कि हमने कार्यकर्ताओं को निर्देश दिया है कि SIR फॉर्म भरवाने में जनता की मदद करें ताकि किसी भी व्यक्ति का नाम मतदाता सूची से न छूटने पाए।
फतेहपुर में दिल दहला देने वाली हत्या, पत्नी की जान का कारण बना अवैध संबंधों का शक; इलाके में दहशत
दौरे के दौरान डाक बंगला में पार्टी के सभी फ्रंटल संगठनों की एक महत्वपूर्ण बैठक भी आयोजित की गई। इसमें संगठन विस्तार, आगामी पंचायत चुनाव, महिलाओं की भूमिका, बूथ कमेटियों का गठन और नए पदाधिकारियों की जिम्मेदारियों पर चर्चा की गई। दीपमाला ने कहा कि पार्टी का लक्ष्य है कि हर गांव और हर वार्ड में अपना दल (एस) का मजबूत नेटवर्क तैयार हो।
कार्यक्रम के दौरान जिले के कई प्रमुख पदाधिकारी उपस्थित रहे। इनमें महामंत्री अरुण पटेल, चिकित्सा प्रकोष्ठ के अध्यक्ष सर्वेश पटेल, महामंत्री नन्दराम शर्मा, कमर आलम, साधना पासवान, सुमन श्रीवास्तव, युवा नेता अमित पटेल, अर्पित पटेल और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल थे।