हिंदी
अमरोहा न्यूज़(Source: Google)
Amroha:उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले से स्वास्थ्य व्यवस्था को शर्मसार करने वाला एक वीडियो सामने आया है। हसनपुर क्षेत्र के रहरा में एक निजी अपंजीकृत अस्पताल के अंदर बिना किसी विशेषज्ञता और बिना ऑक्सीजन सपोर्ट के एक महिला का ऑपरेशन किए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। यह वीडियो जिले में धड़ल्ले से चल रहे अवैध अस्पतालों के 'खूनी खेल' की गवाही दे रहा है।
वायरल हो रहे 17 सेकेंड के इस वीडियो में देखा जा सकता है कि दो कथित चिकित्सक (झोलाछाप) एक संकरे कमरे में महिला का पेट चीरकर ऑपरेशन कर रहे हैं। हैरान करने वाली बात यह है कि ऑपरेशन थिएटर (OT) के नाम पर केवल एक साधारण कमरा है, जहाँ महिला को ऑक्सीजन तक नहीं लगाई गई है। हद तो तब हो गई जब ऑपरेशन के दौरान मरीज के परिजन भी बकायदा ओटी के अंदर खड़े नजर आए।
Gorakhpur News: आकाशीय बिजली का कहर, आम के पेड़ के नीचे खड़े दो युवकों की मौत, गांव में मातम
सूत्रों के अनुसार, हसनपुर और रहरा क्षेत्र अवैध क्लीनिकों और झोलाछापों का गढ़ बन चुका है। आरोप है कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) से जुड़ी कुछ आशा बहुएं मोटे कमीशन के लालच में ग्रामीण महिलाओं को सरकारी अस्पताल के बजाय इन 'मौत के अड्डों' पर ले जाती हैं। बिचौलियों और कथित रसूखदारों के संरक्षण के कारण ये अस्पताल सील होने के कुछ ही दिनों बाद दोबारा खुल जाते हैं।
हाल ही में रहरा के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. शशांक चौधरी ने कई अवैध अस्पतालों को सील किया था, लेकिन उन पर सील खोलने के लिए भारी दबाव बनाया गया। यहाँ तक कि संभल के कुछ बिचौलियों ने उन्हें धमकी भी दी, जिसके खिलाफ चिकित्सा अधीक्षक ने न्यायालय में मानहानि का वाद दायर किया है। यह घटना दर्शाती है कि जिले में स्वास्थ्य माफिया किस कदर हावी हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इन अवैध अस्पतालों में गलत ऑपरेशन के कारण महिलाओं की मौत होना अब आम बात हो गई है। स्वास्थ्य विभाग की अस्थायी कार्रवाई और फिर से खुलते अवैध क्लीनिक मासूम मरीजों की जिंदगी से खिलवाड़ कर रहे हैं। फिलहाल, वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस और स्वास्थ्य विभाग जांच की बात कह रहा है।
Location : Amroha
Published : 5 May 2026, 7:04 AM IST
Topics : Amroha Hasanpur Health Department UP News Viral video