Amroha: जंक फूड से बिगड़ी आंतें, चाऊमीन-पिज्जा ने ली 16 वर्षीय छात्रा की जान

अमरोहा में फास्ट फूड की लत ने 16 वर्षीय छात्रा की जान ले ली। डॉक्टरों के अनुसार लंबे समय तक जंक फूड सेवन से उसकी आंतें खराब हो गई थी। घटना ने अभिभावकों को सतर्क रहने का संदेश दिया है।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 25 December 2025, 5:41 AM IST
google-preferred

Amroha: उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले से एक बेहद दर्दनाक और आंखें खोल देने वाली घटना सामने आई है, जहां फास्ट फूड के अत्यधिक सेवन ने एक होनहार छात्रा की जान ले ली। चाऊमीन, मैगी, पिज्जा और बर्गर जैसे जंक फूड की आदत 16 वर्षीय अहाना के लिए घातक साबित हुई। आंतों में गंभीर संक्रमण और छेद होने के बाद उसकी हालत लगातार बिगड़ती चली गई और आखिरकार दिल्ली एम्स में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

होनहार थी अहाना, 11वीं की छात्रा

अमरोहा के मोहल्ला अफगानान निवासी किसान मंसूर खान की सबसे छोटी बेटी अहाना पढ़ाई में बेहद होनहार थी। वह हाशमी गर्ल्स इंटर कॉलेज में कक्षा 11 की छात्रा थी। परिवार के अनुसार अहाना को फास्ट फूड खाने का काफी शौक था। घर में मना करने के बावजूद वह अक्सर बाहर का जंक फूड खा लेती थी। शुरू में किसी को अंदाजा नहीं था कि यह आदत इतनी खतरनाक रूप ले सकती है।

गुमनाम भक्त ने अयोध्या को दिया दिव्य उपहार, 30 करोड़ की प्रतिमा कर्नाटक से पहुंची राम मंदिर

सितंबर से बिगड़ने लगी तबीयत

परिजनों ने बताया कि सितंबर महीने में अहाना की तबीयत अचानक खराब होने लगी। उसे पेट में तेज दर्द रहने लगा और धीरे-धीरे कमजोरी बढ़ती चली गई। 30 नवंबर को उसकी हालत ज्यादा बिगड़ने पर परिजन उसे मुरादाबाद के एक निजी अस्पताल ले गए। जांच के दौरान डॉक्टरों ने बताया कि अहाना की आंतों में कई जगह छेद हो चुके हैं।

डॉक्टरों ने फास्ट फूड को बताया वजह

अस्पताल में डॉक्टरों ने लंबे समय तक फास्ट फूड के सेवन को आंतों के खराब होने की मुख्य वजह बताया। हालत गंभीर होने पर छात्रा का ऑपरेशन किया गया। ऑपरेशन के बाद कुछ समय के लिए स्थिति में सुधार दिखा और उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई, लेकिन घर लौटने के बाद भी उसकी सेहत सामान्य नहीं हो सकी।

एम्स में इलाज के दौरान मौत

अहाना लगातार कमजोर होती जा रही थी। चार दिन पहले उसकी तबीयत फिर अचानक बिगड़ गई, जिसके बाद परिजन उसे दिल्ली एम्स लेकर पहुंचे। एम्स में इलाज के दौरान कुछ समय के लिए हालत में सुधार हुआ, जिससे परिवार को उम्मीद जगी, लेकिन रविवार रात अचानक हार्ट फेल होने से अहाना की मौत हो गई। इस घटना से परिवार पूरी तरह टूट गया है।

उन्नाव दुष्कर्म मामला: सेंगर की जमानत पर सीबीआई जाएगी सुप्रीम कोर्ट, हाईकोर्ट ने दी थी जमानत

परिवार और इलाके में शोक की लहर

अहाना की असमय मौत से पूरे परिवार में कोहराम मचा हुआ है। मामा गुलजार खान उर्फ गुड्डू ने बताया कि डॉक्टरों ने साफ तौर पर कहा था कि फास्ट फूड की अधिकता के कारण आंतें खराब हुईं। एक होनहार छात्रा की इस तरह मौत से मोहल्ले और आसपास के इलाके में गहरा शोक है।

सीएमओ ने दी चेतावनी, बच्चों को रखें फास्ट फूड से दूर

इस मामले पर अमरोहा के मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) सत्यपाल सिंह ने कहा कि जिले में फास्ट फूड के अधिक सेवन से मौत का मामला सामने आया है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि बच्चों को पिज्जा, बर्गर, चाऊमीन और अन्य फास्ट फूड से दूर रखें। सीएमओ के अनुसार फास्ट फूड में अत्यधिक तेल और मसाले होते हैं, जिससे गैस्ट्रिक समस्या, फैटी लिवर, मोटापा और आंतों की गंभीर बीमारियां हो सकती हैं। लगातार सेवन से लीवर को भी नुकसान पहुंचता है।

स्वस्थ भोजन और समय पर इलाज की सलाह

सीएमओ ने कहा कि बच्चों को संतुलित और पौष्टिक भोजन देना चाहिए। साथ ही, किसी भी स्वास्थ्य समस्या के लक्षण दिखने पर तुरंत योग्य डॉक्टर से परामर्श लेना जरूरी है, ताकि समय रहते इलाज संभव हो सके।

Location : 
  • Amroha

Published : 
  • 25 December 2025, 5:41 AM IST

Advertisement
Advertisement