हिंदी
बजरंग दल (Img : Google)
Agra : जिले में हिंदू संगठन के नाम पर वसूली करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मृत पशुओं को उठाने वाले सरकारी ठेकेदार ने आरोप लगाया है कि कुछ लोगों ने खुद को बजरंग दल का सदस्य बताकर उसे रास्ते में रोक लिया और धमकी देकर पैसे वसूल लिए। मामला सामने आने के बाद पुलिस ने गैंगस्टर सौरभ शर्मा समेत चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक फतेहाबाद रोड स्थित कलाल खेरिया निवासी सचिन के पास जिला पंचायत से मृत पशुओं के शव उठाने का ठेका है। पीड़ित ने थाना न्यू आगरा में दी गई शिकायत में बताया कि 17 मई को वह मृत पशुओं को लेकर जा रहा था। इसी दौरान बालाजीपुरम, शाहगंज निवासी सौरभ शर्मा अपने साथियों आशू तोमर, सागर चौहान और सिकंदर के साथ वहां पहुंचा और वाहन रुकवा लिया।
पीड़ित का आरोप है कि आरोपियों ने खुद को बजरंग दल का कार्यकर्ता बताते हुए दबाव बनाया और उससे रुपये ले लिए। शुरुआत में वह संगठन का नाम सुनकर डर गया, लेकिन बाद में उसे पता चला कि आरोपी किसी भी तरह से बजरंग दल से जुड़े नहीं हैं।
सचिन ने पुलिस को बताया कि आरोपियों को ऑनलाइन रुपये दिए गए थे और इसके डिजिटल साक्ष्य भी उसने पुलिस को सौंप दिए हैं। इन साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपियों ने इससे पहले भी इसी तरह किसी और से वसूली की है या नहीं।
गर्मी से तप रहा यूपी, आगरा में मंत्री जयवीर सिंह बोले- बारिश से पहले साफ हों नाले
मामले के सामने आने के बाद अखिल भारत हिंदू महासभा की जिलाध्यक्ष मीरा राठौर ने भी बयान जारी किया। उन्होंने कहा कि सौरभ शर्मा को गलत गतिविधियों के चलते करीब दो साल पहले ही संगठन से बाहर कर दिया गया था और अब उसका संगठन से कोई संबंध नहीं है।
थाना न्यू आगरा पुलिस का कहना है कि पीड़ित की शिकायत और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर चारों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और जल्द आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Location : Agra
Published : 25 May 2026, 6:30 AM IST
Topics : Agra news Bajrang Dal crime news gangster UP Police