चेहरे पर कालिख, मुंडवाया सिर और पेड़ से बांधकर जमकर पिटाई: अलीगढ़ में भीड़ ने पार की हैवानियत की हदें

अलीगढ़ में मर्यादा की हदें टूटीं, कानून दरकिनार हुआ और भीड़ ने मिलकर एक युवक को वो सजा दे डाली जिसकी खौफनाक तस्वीरें अब पूरे इलाके को दहला रही हैं। आखिर उस जंगल की ओट में ऐसा क्या देखा गया, जिसने एक पल में पूरे गांव को हिंसक भीड़ में बदल दिया।

Post Published By: Komal Chauhan
Updated : 27 September 2026, 1:55 PM IST
google-preferred

Aligarh: उत्तर प्रदेश के जनपद अलीगढ़ में एक युवक के साथ भीड़ ने ऐसी हरकत की, जिसका वीडियो सामने आते ही हड़कंप मच गया। प्रेम संबंध के आरोप में युवक को पकड़कर पहले अपमानित किया गया और फिर उसके साथ अमानवीय व्यवहार किया गया। यह मामला अकराबाद थाना क्षेत्र के दुभिया बंजारा के सतभैया मोहल्ले का बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, 24 सितंबर को खैर क्षेत्र के बिलखोरा गांव का एक युवक अपनी बहन की ससुराल आया था। आरोप है कि उसका अपनी बहन की देवरानी से प्रेम संबंध था।

बताया गया कि दोनों पहले से शादीशुदा हैं और उनके बच्चे भी हैं। कुछ समय पहले दोनों के घर से चले जाने की बात भी सामने आई थी। करीब 15 दिन बाद लौटने पर ग्रामीणों ने पंचायत कर उन्हें चेतावनी दी थी।

आपत्तिजनक स्थिति में देखने का दावा

बताया जा रहा है कि गुरुवार को कुछ लोग जंगल में मवेशी चराने गए थे। इसी दौरान उन्होंने युवक और महिला को कथित तौर पर आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया। इसके बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और युवक को पकड़ लिया।

आरोप है कि भीड़ ने युवक को बंधक बना लिया और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद उसके सिर के आधे बाल और दाढ़ी-मूंछ काट दी गई। इतना ही नहीं, उसके चेहरे पर कालिख पोतकर उसे पेड़ से बांध दिया गया।

ये भी पढ़ें: Aligarh News: घर के बाहर कार खड़ी करते ही ताबड़तोड़ फायरिंग, प्रॉपर्टी डीलर को लगी गोली; नोएडा रेफर

चप्पलों से पीटने और पेशाब पिलाने का आरोप

मामला यहीं नहीं रुका। आरोप है कि भीड़ ने युवक को चप्पलों से पीटा और उसके साथ गाली-गलौज की। घटना के दौरान उसे पेशाब पिलाने का भी आरोप लगाया गया है। इस अमानवीय घटना में एक महिला की भूमिका का भी आरोप सामने आया है। बताया जा रहा है कि मौके पर मौजूद लोगों ने महिला के साथ भी अभद्रता की और उसे अपमानित किया। घटना के दौरान किसी ने वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

 Aligarh Crime News

अलीगढ़ में प्रेम संबंध के शक में युवक से बर्बरता (Img: X)

वीडियो सामने आने के बाद हरकत में आई पुलिस

घटना का वीडियो शनिवार को सामने आने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया। वीडियो में युवक के साथ मारपीट और उसे पेड़ से बांधे जाने की घटना दिखाई देने की बात कही जा रही है। अकराबाद थाना प्रभारी पंकज कुमार मिश्रा के अनुसार, पीड़ित की शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने मामले में चार महिलाओं समेत सात लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।

पहले भी पंचायत में दी गई थी चेतावनी

जानकारी के अनुसार, युवक और महिला के बीच कथित संबंध की जानकारी पहले भी ग्रामीणों को हो गई थी। दोनों के कुछ समय के लिए घर से चले जाने के बाद लौटने पर पंचायत हुई थी। पंचायत में उन्हें दोबारा ऐसा न करने की चेतावनी देकर छोड़ दिया गया था।

इस घटना की जानकारी पीड़ित की बहन को भी होने की बात सामने आई है। हालांकि, उस समय युवक के साथ की गई कथित बर्बरता का पूरा मामला सामने नहीं आया था। वीडियो वायरल होने के बाद घटना का यह पक्ष सार्वजनिक हुआ।

ये भी पढ़ें: Aligarh Swine Flu: तीन नए मरीज मिलने से बढ़ी चिंता, जिले में संक्रमितों की संख्या 68 पहुंची

पुलिस कर रही पूरे मामले की जांच

पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो और शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। घटना में शामिल लोगों की भूमिका की पड़ताल की जा रही है। पुलिस के अनुसार, जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Location :  Aligarh

Published :  27 September 2026, 1:55 PM IST

Related News

Advertisement