हिंदी
देवरिया में बोले अखिलेश यादव (img: Dynamite News)
Deoria: समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शुक्रवार को देवरिया के लार क्षेत्र स्थित रक्सा गांव पहुंचकर पूर्व विधायक स्व. सुरेश यादव की श्रद्धांजलि सभा में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। पत्रकारों से बातचीत में अखिलेश यादव ने बीजेपी सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने जेवर एयरपोर्ट का नाम बदलने के प्रस्ताव, बेरोजगारी और प्रदेश की कानून-व्यवस्था को लेकर सरकार को घेरा और दावा किया कि 2027 में उत्तर प्रदेश में सपा की सरकार बनेगी।
योगी कैबिनेट द्वारा जेवर एयरपोर्ट का नाम बदलकर 'नरेंद्र मोदी इंटरनेशनल एयरपोर्ट' रखने के प्रस्ताव पर अखिलेश यादव ने बीजेपी पर निशाना साधा। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम पर एयरपोर्ट का नाम इसलिए रखा जा रहा है, क्योंकि उनकी कुर्सी जाने वाली है।
अखिलेश यादव ने कहा, "जो लोग जाने वाले होते हैं, वही जाते-जाते अपनी निशानी छोड़कर जाना चाहते हैं।" उन्होंने आरोप लगाया कि डबल इंजन की सरकार के पास जनता को दिखाने के लिए अपना कोई काम नहीं है। यही वजह है कि बीजेपी दूसरे लोगों के कामों पर अपने नाम की पट्टी चिपकाने में जुटी है।
जेवर एयरपोर्ट के नाम को लेकर सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने बीजेपी पर निशाना साधा है. उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि नाम बदलने वाले लोग अब जाने वाले हैं, इसलिए अपनी निशानी छोड़कर जाना चाहते हैं. देखिए अखिलेश यादव का पूरा बयान
#AkhileshYadavStatement #PoliticalNews #HindiNews #BreakingNews #DynamiteNews
— डाइनामाइट न्यूज़ हिंदी (@DNHindi) October 9, 2026
अखिलेश यादव ने आगामी विधानसभा चुनाव में सपा की जीत का दावा करते हुए कहा कि प्रदेश की जनता बदलाव का मन बना चुकी है। उन्होंने 2024 के लोकसभा चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि देवरिया के लोगों ने सपा और गठबंधन के पक्ष में माहौल बनाया था, लेकिन कुछ सीटों पर पार्टी को मामूली अंतर से हार का सामना करना पड़ा। उन्होंने देवरिया की जनता से 2027 में सपा का समर्थन करने की अपील की और कहा कि इस बार बीजेपी को जिले में शून्य पर पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
सपा प्रमुख ने पार्टी के PDA (पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक) नारे को दोहराते हुए कहा कि जो पीड़ित है और जो अपमानित हो रहा है, वह PDA का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि आपसी प्रेम, दया और अपनापन बढ़ने से PDA और मजबूत होगा।

रोजगार के मुद्दे पर अखिलेश यादव ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि मुख्यमंत्री ने बड़े-बड़े दावे किए थे, लेकिन आज प्रदेश का युवा बेरोजगारी का सामना कर रहा है।
इसी दौरान उन्होंने मुस्कुराते हुए मीडिया से कहा, "वनस्पति बदनाम हुई बाबा तेरे लिए।" इसके बाद उन्होंने पत्रकारों से ही पूछा कि पता लगाइए, वह बाबा कौन हैं। अखिलेश यादव के इस व्यंग्यात्मक बयान पर वहां मौजूद लोगों के बीच हंसी के ठहाके गूंज उठे।
सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर को लेकर पूछे गए सवाल पर भी अखिलेश यादव ने चुटकी ली। उन्होंने कहा, "O.P. रात भर जागते हैं और पहरा देते हैं, फिर भी न जाने सरकार को किस बात का डर सता रहा है।"
उनके इस बयान पर भी कार्यकर्ताओं के बीच ठहाके लगे। इसके बाद अखिलेश यादव ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। आगामी चुनाव में गठबंधन के सहयोगियों के बीच सीट बंटवारे को लेकर उन्होंने कहा कि किसी तरह का कोई मतभेद नहीं है।

श्रद्धांजलि सभा के दौरान अखिलेश यादव ने सपा के वरिष्ठ नेता राम गोविंद चौधरी और पूर्व विधायक सुरेश यादव को भी याद किया। उन्होंने राम गोविंद चौधरी के लंबे राजनीतिक जीवन का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने 1970 के दशक में अपना राजनीतिक सफर शुरू किया था। वह मंत्री और नेता प्रतिपक्ष जैसे महत्वपूर्ण पदों पर रहे और हमेशा आम लोगों के मुद्दों को सरकार के सामने उठाते रहे।
अखिलेश यादव ने कहा कि सुरेश यादव ने भी अपना पूरा राजनीतिक जीवन जनता के बीच रहकर बिताया। उन्होंने कहा कि देवरिया जिला कई बड़े समाजवादी नेताओं की कर्मभूमि रहा है। सपा प्रमुख ने कहा, "जो हमें छोड़कर जा चुके हैं, वे कभी लौट नहीं सकते, लेकिन उनके काम और उनकी यादें हमेशा हमारे बीच रहेंगी। उन्होंने जो रास्ता दिखाया और जिस विचारधारा पर चलते रहे, उसे और मजबूत बनाकर हम सभी काम करते रहेंगे।"
यह भी पढ़ें: जंतर-मंतर प्रदर्शन से पहले सख्त हुई महाराष्ट्र पुलिस: ट्रेन से लेकर घर तक संदिग्धों पर कड़ी पैनी नजर
अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर अयोध्या को लेकर भी तंज कसा। उन्होंने मुख्यमंत्री की अयोध्या यात्राओं और वहां चढ़ावे की चोरी के आरोपों का जिक्र करते हुए सरकार पर सवाल उठाए।उन्होंने कहा कि अगर मुख्यमंत्री अयोध्या और वहां हुए विकास को लेकर इतने आश्वस्त हैं, तो उन्हें अयोध्या से चुनाव लड़ना चाहिए।
अखिलेश यादव के इन बयानों को उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले सपा की राजनीतिक रणनीति और बीजेपी के खिलाफ तेज होते हमलों के तौर पर देखा जा रहा है।
Location : deoria
Published : 9 October 2026, 6:29 PM IST
Topics : Akhilesh Yadav Deoria News Samajwadi Party UP News