Mid Day Meal: कासगंज में मिड-डे मील की गुणवत्ता पर उठे सवाल, ABVP ने SDM को सौंपा ज्ञापन

कासगंज के पटियाली क्षेत्र में मिड-डे मील की गुणवत्ता और खाद्य सामग्री की आपूर्ति में कथित अनियमितताओं को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने उप जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। परिषद ने भोजन के नमूनों की जांच और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है। तीन दिन में कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी है।

Post Published By: Bobby Raj
Updated : 27 November 2026, 2:27 PM IST
google-preferred

Kasganj: परिषदीय विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चों को मिलने वाले मिड-डे मील की गुणवत्ता को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने मोर्चा खोल दिया है। पटियाली क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों में मध्याह्न भोजन और खाद्य सामग्री की आपूर्ति में कथित अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए परिषद की नगर इकाई ने उप जिलाधिकारी पटियाली को ज्ञापन सौंपा। कार्यकर्ताओं ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और अनियमितता मिलने पर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। इसके लिए प्रशासन को तीन दिन का अल्टीमेटम भी दिया गया है।

खाद्य सामग्री से लेकर तैयार भोजन की गुणवत्ता पर सवाल

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने ज्ञापन में आरोप लगाया कि पटियाली क्षेत्र के विद्यालयों में द्वारिका प्रसाद जनकल्याण समिति की ओर से की जा रही भोजन आपूर्ति की गुणवत्ता निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं है। परिषद के कार्यकर्ताओं ने विद्यालयों में पहुंचने वाली कच्ची खाद्य सामग्री के साथ तैयार भोजन की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाए हैं।

महराजगंज: इलाज के बीच टूटी जिंदगी की डोर, कई सवाल छोड़ गई मौत; गोली लगने से घायल छात्र ने तोड़ा दम

कार्यकर्ताओं का कहना है कि मिड-डे मील योजना का सीधा संबंध विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण से है। ऐसे में खाद्य सामग्री और भोजन की गुणवत्ता को लेकर किसी भी तरह की लापरवाही बच्चों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ है। परिषद ने प्रशासन से इस मामले को गंभीरता से लेते हुए निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।

भोजन के नमूनों की जांच कराने की मांग

ABVP ने प्रशासन से संबंधित संस्था की ओर से खाद्य सामग्री की खरीद से लेकर उसके भंडारण, आपूर्ति और वितरण तक की पूरी व्यवस्था की जांच कराने की मांग की है। कार्यकर्ताओं ने कहा कि विद्यालयों में पहुंच रही कच्ची खाद्य सामग्री और तैयार भोजन के नमूने लेकर उनकी गुणवत्ता की जांच कराई जाए।

इसके साथ ही परिषद ने मिड-डे मील योजना के तहत शासन की ओर से निर्धारित मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने की मांग उठाई। संगठन ने स्पष्ट किया कि यदि जांच के दौरान किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनियमितता सामने आती है तो इसके लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए।

Kanpur News: कानपुर में सड़क पर उतरे किसान, बोले- सरकार भूल गई वादे, अब दिल्ली में होगा आंदोलन

तीन दिन में कार्रवाई नहीं हुई तो होगा आंदोलन

तहसील संयोजक अम्बुज द्विवेदी ने कहा कि बच्चों के स्वास्थ्य और उनके अधिकारों के साथ किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मिड-डे मील जैसी महत्वपूर्ण योजना में गुणवत्ता से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।

परिषद ने प्रशासन को तीन दिन का समय देते हुए चेतावनी दी है कि निर्धारित अवधि में कार्रवाई नहीं होने पर संगठन आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा। ज्ञापन सौंपने के दौरान विभाग सहसंयोजक कुश गुप्ता, दुष्यंत राठौर, प्रशांत कुमार और कृष्णा सोलंकी सहित अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Location :  Kasganj

Published :  27 November 2026, 2:27 PM IST

Advertisement