हिंदी
कम कमाई का लालच और 10 लाख का फटका (Img- AI)
Agra: अगर आप भी स्मार्टफोन में किसी अनजान ऐप या सोशल मीडिया लिंक के जरिए शेयर मार्केट में पैसा लगाकर जल्दी अमीर बनने की सोच रहे हैं, तो सावधान हो जाइए। उत्तर प्रदेश के आगरा से साइबर ठगी की एक ऐसी घटना सामने आई है, जो आंखें खोलने वाली है। आगरा के कमला नगर निवासी एक व्यक्ति को फर्जी ऑनलाइन शेयर ट्रेडिंग ऐप का चकमा देकर साइबर अपराधियों ने 10.27 लाख रुपये की भारी-भरकम रकम का चूना लगा दिया।
पीड़ित के अनुसार, वर्ष 2024 के अप्रैल-मई महीने में उन्हें 'फेडरेटेड हर्मीस' नाम के एक ऑनलाइन शेयर ट्रेडिंग ऐप का झांसा दिया गया था। साइबर ठगों ने पीड़ित को ऐप के जरिए शेयर बाजार में भारी मुनाफे का लालच दिया। उनके झांसे में आकर पीड़ित ने बिना सोचे-समझे अलग-अलग बैंक खातों में आरटीजीएस और मोबाइल बैंकिंग के माध्यम से कई किस्तों में कुल 10.27 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। जब पैसे वापस निकालने का समय आया, तो ठगों ने संपर्क तोड़ लिया।
ठगी का अहसास होने के बाद पीड़ित ने जून 2024 में डीआईजी रेंज कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़ित का आरोप है कि शुरुआत में अधिकारियों ने उन्हें बताया कि पंजाब नेशनल बैंक के एक खाते में 1.52 लाख रुपये फ्रीज करा दिए गए हैं।
हालांकि, बाद में जब उन्होंने साइबर पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत की, तो साइबर यूनिट की ओर से कहा गया कि कोई भी रकम फ्रीज नहीं हुई है। बयानों में इस विरोधाभास के बाद पीड़ित को दर-दर भटकना पड़ा।
क्या साइबर ठगी के पैसे वापस मिल सकते हैं? गोरखपुर की इस कार्रवाई ने दिया जवाब
लंबे समय तक कानूनी मदद और पुलिस से गुहार लगाने के बाद अब पीड़ित ने आखिरकार साइबर थाने में केस दर्ज कराया है। पीड़ित ने ठगी गई पूरी 10.27 लाख रुपये की रकम की रिकवरी और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। डीसीपी साइबर क्राइम आदित्य कुमार ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस की तकनीकी टीम खातों व ऐप की जांच में जुट गई है।
Location : Agra
Published : 7 August 2026, 12:10 PM IST
Topics : Agra news cyber crime Cyber Fraud UP News