हिंदी
मोहर्रम को लेकर प्रशासन अलर्ट फोटो सोर्स-डाइनामाइट न्यूज
Gorakhpur: आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। पर्व की तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा के लिए बुधवार को पुलिस लाइन स्थित व्हाइट हाउस सभागार में शांति एवं सद्भावना समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी दीपक मीणा ने की, जबकि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ समेत प्रशासन और पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में जिलाधिकारी दीपक मीणा ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि मोहर्रम के अवसर पर किसी भी नई परंपरा की अनुमति नहीं दी जाएगी। ताजिया और जुलूस केवल निर्धारित पारंपरिक मार्गों से ही निकाले जाएंगे। उन्होंने कहा कि पर्व की आड़ में किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या नियमों के उल्लंघन को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जुलूसों में अस्त्र-शस्त्र, धारदार हथियार या अन्य आपत्तिजनक सामग्री के प्रदर्शन पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
एसएसपी डॉ. कौस्तुभ ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए सभी मुतवल्लियों से ताजिया की ऊंचाई निर्धारित मानकों के अनुरूप रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि डीजे और साउंड सिस्टम का प्रयोग शासन द्वारा निर्धारित ध्वनि मानकों के अनुसार ही किया जाए। ध्वनि प्रदूषण के नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को संवेदनशील और अतिसंवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश भी दिए।
यातायात व्यवस्था को लेकर एसपी ट्रैफिक अमित श्रीवास्तव ने बताया कि मोहर्रम के दौरान शहर में विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया जाएगा। भीड़भाड़ वाले मार्गों पर आवश्यकतानुसार डायवर्जन किया जाएगा तथा वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। प्रमुख चौराहों और जुलूस मार्गों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा।
मुहर्रम से पहले महराजगंज पहुंचे डीआईजी एस. चन्नप्पा, जानिए शांति व्यवस्था का पूरा प्लान
जिलाधिकारी ने नगर निगम को जुलूस मार्गों की साफ-सफाई, चूना छिड़काव, पेयजल एवं स्ट्रीट लाइट व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। वहीं विद्युत विभाग को जर्जर एवं लटकते तारों को तत्काल ठीक कराने तथा स्वास्थ्य विभाग को किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने को कहा गया।
IND A vs AFG A: अफगानिस्तान-ए के खिलाफ भारतीय खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम, 101 रन से जीतकर फाइनल में
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी नजर रखी जाएगी। संवेदनशील इलाकों में सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के माध्यम से निगरानी की जाएगी। बैठक के अंत में जिलाधिकारी दीपक मीणा और एसएसपी डॉ. कौस्तुभ ने जनपदवासियों से गंगा-जमुनी तहजीब, भाईचारे और शांति के साथ मोहर्रम मनाने की अपील की।
Location : गोरखपुर
Published : 17 June 2026, 8:43 PM IST
Topics : Muharram 2026 UP News up police alert