हिंदी
महराजगंज पहुंचे डीआईजी एस. चन्नप्पा फोटो सोर्स-डाइनामाइट न्यूज
Maharajganj: गोरखपुर परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) एस. चन्नप्पा ने महराजगंज पुलिस को स्पष्ट संदेश दिया है कि अपराध और अपराधियों के प्रति किसी भी स्तर पर नरमी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बुधवार को पुलिस लाइन सभागार में आयोजित मासिक अपराध गोष्ठी में उन्होंने कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और पुलिस कार्यप्रणाली की व्यापक समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सख्त दिशा-निर्देश दिए।
पुलिस लाइन पहुंचने पर पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने डीआईजी का स्वागत किया। इसके बाद आयोजित बैठक में डीआईजी ने जनपद में लंबित विवेचनाओं, महिला एवं बाल अपराध, साइबर अपराध, मादक पदार्थों की तस्करी, हत्या, लूट, वाहन चोरी, अवैध खनन, भूमि विवाद तथा गैंगस्टर और गुंडा एक्ट के तहत की जा रही कार्रवाई की समीक्षा की।
उन्होंने कहा कि हर विवेचना निष्पक्ष, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध ढंग से पूरी होनी चाहिए ताकि न्यायालय में मजबूत पैरवी के जरिए अपराधियों को शीघ्र सजा दिलाई जा सके। डीआईजी ने ई-साक्ष्य और यक्ष ऐप के प्रभावी उपयोग पर विशेष जोर देते हुए दोषसिद्धि दर बढ़ाने के निर्देश दिए।
बैठक में आगामी मुहर्रम पर्व की तैयारियां भी प्रमुख मुद्दा रहीं। डीआईजी ने जुलूस मार्गों, कर्बला स्थलों और ताजियों की ऊंचाई का भौतिक सत्यापन करने, पीस कमेटी की बैठकें आयोजित करने तथा संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान शांति और सौहार्द बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
महिला सुरक्षा और साइबर अपराध के मामलों को लेकर भी डीआईजी ने गंभीरता दिखाई। उन्होंने सोशल मीडिया पर लगातार निगरानी रखने और अफवाह फैलाने वाले तत्वों के खिलाफ तत्काल कानूनी कार्रवाई करने का निर्देश दिया। साथ ही बैंक, बाजार और सार्वजनिक स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने तथा नियमित गश्त बढ़ाने पर भी बल दिया।
UP Crime: एक कॉल, एक कार और एक मासूम की मौत, मेरठ का दिल दहला देने वाला मामला
डीआईजी ने अवैध खनन, गोकशी और नाबालिग वाहन चालकों के खिलाफ अभियान चलाकर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसके अलावा हिस्ट्रीशीटरों का सत्यापन, वांछित एवं इनामी अपराधियों की गिरफ्तारी तथा सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता सुनिश्चित करने के लिए भी अधिकारियों को निर्देशित किया गया।
बैठक के दौरान डीआईजी ने आईजीआरएस में प्रदेश स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने और मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पर जनपद की स्थिति में सुधार के लिए महराजगंज पुलिस की सराहना की। वहीं पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने जनपद में अपराध नियंत्रण और तस्करी रोकने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियानों की जानकारी प्रस्तुत की।
Location : Maharajganj
Published : 17 June 2026, 8:07 PM IST
Topics : DIG S Channappa Maharajganj Muharram