हिंदी
उत्तर प्रदेश एसटीएफ ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सीतापुर से 50 हजार रुपये के इनामी अपराधी सलीम को गिरफ्तार किया है। आरोपी कई जिलों में सक्रिय गैंग से जुड़ा बताया जा रहा है और डकैती सहित कई मामलों में वांछित था।
आरोपी सलीम को पुलिस ने गिरफ्तार किया
Sitapur: उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। लंबे समय से फरार चल रहे 50 हजार रुपये के इनामी अपराधी को एसटीएफ टीम ने सीतापुर से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पर डकैती, लूट और चोरी जैसे कई गंभीर अपराधों में शामिल होने का आरोप है। बताया जा रहा है कि वह कई जिलों में सक्रिय एक गैंग का सदस्य था और पुलिस को लंबे समय से उसकी तलाश थी।
सीतापुर से तड़के किया गया गिरफ्तार
एसटीएफ उत्तर प्रदेश की टीम ने गुरुवार 12 मार्च 2026 की सुबह करीब 4:30 बजे सीतापुर जिले के तालगांव थाना क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए इनामी अपराधी सलीम को गिरफ्तार किया। उसे ग्राम इरापुर मोड़ के पास नहर के किनारे से पकड़ा गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सलीम पुत्र बशीर निवासी रस्सोलपुर बकईया थाना सकरन जनपद सीतापुर के रूप में हुई है।
अखिलेश यादव का नया मिशन: नोएडा में सपा की रैली होगी हिट! वेस्ट यूपी के जुटेंगे एक लाख लोग
सूचना के आधार पर STF ने की कार्रवाई
एसटीएफ को पिछले कुछ दिनों से फरार और इनामी अपराधियों के सक्रिय होने की सूचना मिल रही थी। इसके बाद एसटीएफ की विभिन्न टीमों को अभिसूचना संकलन और कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। अपर पुलिस अधीक्षक एसटीएफ अमित कुमार नागर के पर्यवेक्षण में टीम गठित की गई और लगातार सूचना जुटाई जा रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि वांछित अपराधी सलीम तालगांव क्षेत्र में मौजूद है। सूचना मिलते ही एसटीएफ टीम ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया। इस कार्रवाई में निरीक्षक दिलीप तिवारी, उपनिरीक्षक अशोक कुमार गुप्ता, मुख्य आरक्षी राजेश मौर्य, कौशलेंद्र प्रताप सिंह, विजय वर्मा और रवि वर्मा शामिल रहे।
पूछताछ में गैंग चलाने का खुलासा
पूछताछ के दौरान आरोपी सलीम ने बताया कि वह कई वर्षों से आपराधिक गतिविधियों में शामिल है और उसका एक गैंग भी है। यह गैंग उत्तर प्रदेश के कई जिलों जैसे लखीमपुर, सीतापुर, हरदोई और बाराबंकी में सक्रिय रहा है। पुलिस के अनुसार, यह गैंग व्यापारियों और कारोबारियों को निशाना बनाकर लूट, डकैती और चोरी जैसी वारदातों को अंजाम देता था। इसके अलावा गोवंश से जुड़े अपराधों में भी इसकी संलिप्तता सामने आई है।
ईरान-इजरायल महायुद्ध का असर बॉलीवुड तक, दीपिका पादुकोण को हुआ भारी नुकसान, जानें कैसे
डकैती की घटना में था वांछित
पुलिस के मुताबिक, सलीम अपने साथियों के साथ मिलकर 17 और 18 जनवरी 2026 की रात को तालगांव थाना क्षेत्र के रसूलपुर गांव में अजय वर्मा के घर डकैती की घटना में शामिल था। इस मामले में अन्य आरोपी पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके हैं, जबकि सलीम फरार चल रहा था और उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।