हिंदी
पुलिस ने आरोपी को भेजा न्यायालय (IMG: Dynamite News)
Maharajganj: पुरंदरपुर थाना क्षेत्र के राजमंदिर खुर्द गांव में आठ वर्षीय मासूम बच्ची के अचेत अवस्था में मिलने के मामले ने अब गंभीर मोड़ ले लिया है। शुरुआती जानकारी में बच्ची के साथ मारपीट के बाद उसके बेहोश होने की बात सामने आई थी, लेकिन पुलिस जांच के बाद मामले में दुष्कर्म और हत्या के प्रयास की धाराएं जुड़ गई हैं। पुलिस ने मामले में वांछित आरोपी 59 वर्षीय मेवा पुत्र खुद्दुर को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक घटना 9 सितंबर 2026 की है। राजमंदिर खुर्द गांव की आठ वर्षीय बच्ची शाम के समय घर से पड़ोस में आयोजित एक कार्यक्रम में भोजन करने गई थी। कुछ देर बाद जब बच्ची घर नहीं लौटी तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। तलाश के दौरान बच्ची संदिग्ध परिस्थितियों में अचेत अवस्था में मिली।
मामले में बच्ची की मां की तहरीर के आधार पर पुरंदरपुर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी। शुरुआती तौर पर बच्ची को उठाकर पटकने और इसके बाद उसके अचेत होने की जानकारी सामने आई थी।
पुरंदरपुर पुलिस ने मामले में मु0अ0सं0 217/26 के तहत धारा 109(1), 65(2) बीएनएस और धारा 5m/6 पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक महराजगंज शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के दौरान पुलिस को आरोपी के बारे में सूचना मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी मेवा को हरैया खुर्द चौराहे से गिरफ्तार कर लिया।
महराजगंज में रफ्तार का कहर! ओवरब्रिज से पहले बेकाबू हुई स्कॉर्पियो, डिवाइडर से टकराकर दो घायल
आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुरंदरपुर पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी की और उसे न्यायालय के समक्ष पेश करने के लिए भेज दिया। पुलिस अब मामले से जुड़े अन्य साक्ष्यों को जुटाने में लगी है। घटना में मेडिकल रिपोर्ट और जांच के दौरान सामने आने वाले अन्य साक्ष्य अहम होंगे।
इस मामले में क्षेत्राधिकारी फरेंदा दीपशिखा वर्मा ने इससे पहले बताया था कि बच्ची की हालत में सुधार बताया जा रहा है और पुलिस मामले की जांच कर रही है। अब आरोपी की गिरफ्तारी और गंभीर धाराओं में कार्रवाई के बाद मामले ने नया मोड़ ले लिया है।
Location : Maharajganj
Published : 11 September 2026, 6:42 PM IST
Topics : crime news Maharajganj News (महाराजगंज न्यूज़) Maharajganj Crime News POCSO Act UP Crime News