नई दिल्ली से आगरा तक तड़पती रही महिला… मदद के इंतजार में तोड़ा दम, रेलवे की हाईटेक सुविधाओं पर उठे सवाल

तमिलनाडु एक्सप्रेस में सफर के दौरान केरल की 57 वर्षीय महिला यात्री तिलकम की तबीयत बिगड़ गई। पति ने रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 पर मदद मांगी, लेकिन करीब डेढ़ घंटे बाद आगरा कैंट स्टेशन पर सहायता मिल सकी। अस्पताल पहुंचने के कुछ देर बाद महिला की मौत हो गई।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 11 August 2026, 2:29 AM IST
google-preferred

Agra : तमिलनाडु एक्सप्रेस में सफर कर रही एक महिला यात्री की तबीयत बिगड़ने के बाद समय पर चिकित्सा सहायता नहीं मिलने से मौत हो गई। घटना ने रेलवे की आपातकालीन सेवाओं और यात्रियों की सुरक्षा को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। महिला के पति ने रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 पर मदद मांगी। सहायता मिलने में करीब डेढ़ घंटे का समय लग गया। जब ट्रेन आगरा कैंट पहुंची और महिला को अस्पताल ले जाया गया, तब तक काफी देर हो चुकी थी।

ट्रेन में बिगड़ी महिला की तबीयत

जानकारी के मुताबिक, केरल निवासी 57 वर्षीय तिलकम अपने पति गोविंद राज के साथ तमिलनाडु एक्सप्रेस (12622) से नई दिल्ली से चेन्नई जा रही थीं। दोनों एसबी-5 कोच में सफर कर रहे थे। महिला की सीट संख्या 65 थी। रविवार रात करीब 9 बजे ट्रेन नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से रवाना हुई। कुछ देर बाद यात्रा के दौरान तिलकम को बेचैनी महसूस होने लगी। उन्हें पसीना आने लगा और उनकी हालत बिगड़ने लगी।

महिला की बिगड़ती स्थिति को देखते हुए उनके पति ने रात करीब 10:21 बजे रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 पर कॉल कर मेडिकल सहायता मांगी।

डेढ़ घंटे बाद पहुंची मदद

पति की सूचना के बाद ट्रेन में तत्काल चिकित्सा सुविधा पहुंचने का इंतजार किया गया लेकिन मदद मिलने में काफी देरी हो गई। तमिलनाडु एक्सप्रेस नई दिल्ली से आगरा कैंट तक बिना किसी निर्धारित ठहराव के चलती है।

आगरा में तेज रफ्तार का कहर, एक परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़, बेटा सहित तीन गंभीर घायल

करीब डेढ़ घंटे बाद रात 11:51 बजे ट्रेन आगरा कैंट स्टेशन पहुंची। यहां रेलवे अस्पताल के डॉक्टर रवि कसाना ने महिला को प्राथमिक उपचार दिया। इसके बाद रात 12:25 बजे उन्हें एसएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। हालांकि इलाज के दौरान रात करीब 12:47 बजे महिला ने दम तोड़ दिया।

हार्ट अटैक से हुई मौत

घटना की सूचना मिलने के बाद जीआरपी ने कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। जीआरपी आगरा कैंट इंस्पेक्टर संदीप तोमर ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में महिला की मौत का कारण हार्ट अटैक सामने आया है।

मेडिकल इमरजेंसी में ट्रेन रोकने को लेकर उठे सवाल

इस घटना के बाद रेलवे की आपातकालीन व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। रेलवे की ओर से यात्रियों की सुविधा के लिए हेल्पलाइन नंबर 139 और रेल मदद जैसी सेवाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इस मामले में समय पर सहायता नहीं पहुंच सकी। रेलवे नियमों के अनुसार गंभीर मेडिकल इमरजेंसी की स्थिति में ट्रेन को बीच रास्ते में भी रोका जा सकता है। हालांकि, इस मामले में ऐसा नहीं किया गया।

Location :  Agra

Published :  11 August 2026, 2:29 AM IST

Advertisement