हिंदी
जानकारी देते सीओ सिटी संतोष कुमार सिंह (IMG: Dynamite News)
Mainpuri: सब कुछ धीरे-धीरे हुआ… पहले धमकियां, फिर दबाव, फिर पैसे की मांग और आखिर में एक ऐसी खामोशी, जिसने पूरे घर को तोड़कर रख दिया। मैनपुरी के एक छोटे से गांव में 22 साल का राहुल अपनी जिंदगी से हार गया। यह मामला जिले के थाना एलाऊ क्षेत्र के ग्राम इमिलिया का है। यहां रहने वाले राहुल पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव से गुजर रहे थे। परिवार का कहना है कि गांव के ही कुछ लोग उन्हें लगातार निशाना बना रहे थे।
परिजनों के मुताबिक, राहुल को झूठे केस में फंसाने की धमकी दी जा रही थी। इस डर का फायदा उठाकर आरोपियों ने उससे समझौते के नाम पर पैसे और कीमती सामान ऐंठ लिया। बताया जा रहा है कि राहुल से 20 हजार रुपये नकद, एक मोबाइल फोन और सोने की अंगूठी तक ले ली गई।
परिवार का आरोप है कि जब राहुल ने पैसे और सामान दे दिए, तब भी मामला शांत नहीं हुआ। इसके बाद आरोपियों ने 50 हजार रुपये की और मांग शुरू कर दी। लगातार फोन कॉल, धमकी और डर का माहौल राहुल के लिए हर दिन भारी होता जा रहा था। घरवालों का कहना है कि राहुल धीरे-धीरे बदलने लगा था। वह पहले की तरह हंसता-बोलता नहीं था, ज्यादा वक्त चुप रहता था। उसकी इस हालत ने परिवार को भी चिंता में डाल दिया था, लेकिन असली वजह इतनी गंभीर होगी, इसका अंदाजा शायद किसी को नहीं था।
मैनपुरी से एक दर्दनाक मामला सामने आया है, जहां एक 22 वर्षीय युवक ने कथित रूप से मानसिक प्रताड़ना और अवैध वसूली से परेशान होकर आत्महत्या कर ली। सुनिए इस मामले में सीओ सिटी संतोष कुमार सिंह ने क्या कहा...@Uppolice @mainpuripolice #Crimenews #Mainpuri pic.twitter.com/pZDoG6N9Hq
— डाइनामाइट न्यूज़ हिंदी (@DNHindi) April 1, 2026
बीती रात राहुल ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सुबह जब परिवार वालों ने यह देखा तो घर में मातम छा गया। हर कोई यही सवाल पूछ रहा था कि आखिर राहुल ने इतना बड़ा कदम क्यों उठाया?
इस मामले में मृतक के परिजनों ने गांव के ही चार लोगों पूजा, लवली, सदानंद और इन्द्रपाल पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि यही लोग राहुल को लंबे समय से परेशान कर रहे थे और उससे पैसे वसूल रहे थे।
मामले को लेकर पुलिस का कहना है कि उन्हें शिकायत मिल चुकी है और जांच शुरू कर दी गई है। अधिकारियों के मुताबिक, शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Location : Manpuri
Published : 1 April 2026, 1:18 PM IST
Topics : crime news mainpuri news Mainpuri Police UP Police