गर्व की बात: यूपी स्थापना दिवस पर महराजगंज के डॉक्टर को मिला बड़ा सम्मान, राज्य सूचना आयुक्त ने थपथपाई पीठ

उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस पर महराजगंज में आयोजित कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ नेत्र सर्जन डॉ. बी.एन. वर्मा को नेत्र चिकित्सा और राष्ट्रीय अंधता निवारण कार्यक्रम में उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 25 January 2026, 12:36 AM IST
google-preferred

उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस के मौके पर महराजगंज से एक ऐसी खबर सामने आई, जिसने चिकित्सा सेवा के प्रति समर्पित डॉक्टरों के योगदान को नई पहचान दी। जहां अक्सर स्वास्थ्य सेवाओं की चुनौतियों की चर्चा होती है, वहीं इस आयोजन में एक ऐसे चिकित्सक को सम्मानित किया गया, जिनकी मेहनत ने सैकड़ों लोगों की दुनिया रोशन की। नेत्र चिकित्सा के क्षेत्र में वर्षों से निस्वार्थ सेवा दे रहे सृजन आई हॉस्पिटल के वरिष्ठ नेत्र सर्जन डॉ. बी.एन. वर्मा को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मान मिला, जो जिले के लिए गर्व की बात है।

कलेक्ट्रेट परिसर में भव्य आयोजन

उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस के अवसर पर शनिवार को महराजगंज कलेक्ट्रेट परिसर में भव्य और रंगारंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश की सांस्कृतिक झलक के साथ-साथ विकास और जनकल्याण से जुड़ी उपलब्धियों को भी साझा किया गया। इसी मंच से चिकित्सा क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले चिकित्सकों और समाजसेवियों को सम्मानित किया गया।

डॉ. बी.एन. वर्मा को मिला विशेष सम्मान

कार्यक्रम के दौरान सृजन आई हॉस्पिटल, महाराजगंज के वरिष्ठ नेत्र सर्जन डॉ. बी.एन. वर्मा को नेत्र चिकित्सा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य और राष्ट्रीय अंधता निवारण कार्यक्रम में सराहनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया। उन्हें यह सम्मान मुख्य अतिथि राज्य सूचना आयुक्त पदुम नारायण द्विवेदी, सदर विधायक जय मंगल कन्नौजिया और पनियरा विधायक ज्ञानेन्द्र सिंह द्वारा संयुक्त रूप से प्रशस्ति पत्र देकर प्रदान किया गया.

नई दृष्टि देने वाला सफर

डॉ. बी.एन. वर्मा पिछले कई वर्षों से महराजगंज जनपद और आसपास के क्षेत्रों में जरूरतमंद मरीजों को बेहतर और सुलभ नेत्र चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध करा रहे हैं. उनके द्वारा किए गए सफल नेत्र ऑपरेशनों और नियमित शिविरों के माध्यम से सैकड़ों मरीजों को नई रोशनी मिली है. ग्रामीण और दूरदराज के इलाकों में उनके कार्य को विशेष सराहना मिलती रही है, जिससे समाज में उनकी अलग पहचान बनी है.

स्वास्थ्य सेवाओं पर भी हुई चर्चा

कार्यक्रम के दौरान उत्तर प्रदेश की विकास यात्रा, जनकल्याणकारी योजनाओं और स्वास्थ्य सेवाओं में आए सकारात्मक बदलावों पर भी विस्तार से चर्चा की गई. वक्ताओं ने कहा कि ऐसे डॉक्टर समाज की असली ताकत होते हैं, जो सेवा को ही अपना धर्म मानते हैं।

सम्मान के बाद क्या बोले डॉ. वर्मा

सम्मान प्राप्त करने के बाद डॉ. बी.एन. वर्मा ने इसे अपनी पूरी चिकित्सकीय टीम और महराजगंज की जनता को समर्पित किया। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी वे निस्वार्थ भाव से मरीजों की सेवा करते रहेंगे। कार्यक्रम में जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा, मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, अपर जिलाधिकारी, जिला पंचायत अध्यक्ष, भाजपा जिला अध्यक्ष सहित कई अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे।

Location : 
  • Maharajganj

Published : 
  • 25 January 2026, 12:36 AM IST

Advertisement
Advertisement