हिंदी
जयपुर: अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को विश्वविद्यालयों तथा कॉलेजों में छात्रसंघों के चुनाव नहीं कराने के राज्य सरकार के फैसले के खिलाफ यहां राजस्थान विश्वविद्यालय के कुलपति सचिवालय में धरना दिया।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार, उच्च शिक्षा विभाग ने शनिवार को एक आदेश जारी कर बताया कि राज्य सरकार द्वारा सत्र 2023-24 में राज्य के उच्च शिक्षण संस्थानों में छात्रसंघ चुनाव नहीं कराने का निर्णय लिया गया है।
एबीवीपी के कार्यकर्ता इस आदेश का विरोध जताने के लिए कुलपति सचिवालय के बाहर एकत्र हुए और बाद में उसमें घुस गए। वे सचिवालय के अंदर ही धरने पर बैठ गए।
राष्ट्रीय मंत्री होशियार मीणा ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार ने एबीवीपी की हालिया न्याय पदयात्रा को मिले बड़े समर्थन को देखते हुए राज्य सरकार ने यह फैसला किया है।
मीणा ने कहा कि फैसले के खिलाफ कई कार्यकर्ता राजस्थान विश्वविद्यालय के कुलपति सचिवालय में धरने पर बैठे हैं।
पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले को सुलझाने की कोशिश कर रही है। उल्लेखनीय है कि उच्च शिक्षा विभाग ने नई शिक्षा नीति के कार्यान्वयन, बजट घोषणाओं और छात्रसंघ चुनावों सहित कई मुद्दों पर शनिवार को राज्य द्वारा वित्त पोषित विश्वविद्यालयों के कुलपतियों की बैठक की।
कुलपतियों ने चुनाव में धनबल के प्रयोग और चुनाव के कारण शैक्षणिक कार्यों में व्यवधान को लेकर चिंता व्यक्त की।
कुलपतियों की राय के बाद सरकार ने 2023-24 के शैक्षणिक सत्र में चुनाव नहीं कराने का फैसला किया और उच्च शिक्षा विभाग के संयुक्त सचिव ने शनिवार रात आदेश जारी कर दिया।
Published : 14 August 2023, 6:42 PM IST
Topics : abvp Rajasthan University एबीवीपी कार्यकर्ताओं कुलपति कॉलेज छात्रसंघ