हिंदी
गाजियाबाद: उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की तरफ से गाजियाबाद बस अड्डे को अब पीपीपी मॉडल पर विकसित किया जाना है। परिवहन निगम ने पहले ही गाजियाबाद बस अड्डे की आधी से अधिक बसों को साहिबाबाद डिपो पर शिफ्ट कर दिया था, लेकिन संसाधनों की कमी के कारण गाजियाबाद डिपो पर बैठने वाले कर्मचारी और अधिकारी साहिबाबाद डिपो नहीं आ रहे थे, लेकिन अब कर्मचारियों और अधिकारियों के साथ-साथ बसों के लिए जिन संसाधनों की जरूरत है, उसका टेंडर कर लिया गया है। यहां शौचालय के साथ विश्रामगृह का निर्माण किया जाएगा, जिसमें 43 लाख रुपये खर्च होंगे।
डाइनामाइट न्यूज संवाददाता के मुताबिक परिवहन निगम के अधिकारियेां की मानें तो आगामी 20 दिनों के अंदर पूर्ण रूप से गाजियाबाद बस अड्डा साहिबाबाद बस अड्डे पर शिफ्ट हो जाएगा। वहीं गाजियाबाद बस अड्डे को एयरपोर्ट के तर्ज पर विकसित किया जा रहा है। इसका नक्शा पहले ही पास कर दिया गया है।
अब बस जीडीए से नक्शा पास करवाना बाकी रह गया है। गाजियाबाद बस अड्डे को एयरपोर्ट की तर्ज पर विकसित किया जाना राज्य सरकार की एक महत्वपूर्ण और महत्वाकांक्षी योजना में शामिल है, जिसमें यात्रियों की आवश्यकताओं के अनुसार आधुनिक सुविधाओं सहित कमर्शियल कॉम्पलैक्स के साथ फूड कोर्ट, रेस्टोरेंट और बजट होटल जैसी सुविधाएं पैसेंजर्स को मिलेंगी।
गाजियाबाद रीजन के आरएम के.एन. चौधरी ने कहा कि गाजियाबाद बस अड्डे पूर्ण रूप से अभी तक साहिबाबाद बस डिपो पर शिफ्ट नहीं हो पाया है, क्योंकि इसके लिए कई तरह के संसाधनों की जरूरत थी। इसका टेंडर नहीं हो पा रहा था। अब टेंडर हो चुका है, जिसमें लगभग 43 लाख रुपये खर्च होंगे।
Published : 12 December 2024, 3:09 PM IST
Topics : Dynamite News GDA Ghaziabad Bus Adda Manoj Tibrewal Manoj Tibrewal Akaash RM Kn Chaudhary Sahibabad Depot UPSRTC