यूपी में कई स्थानों पर बढ़ा गंगा और यमुना नदी का जलस्तर, इन शहरों में बाढ़ की स्थिति, सड़कें जलमग्न

पहाड़ों में भारी बारिश के कारण उत्तर प्रदेश में कई स्थानों पर बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है। प्रयागराज समेत कई शहरों में कई सड़कें जलमग्न होने की खबर है। पढ़िये डाइनामाइट न्यूज़ की पूरी रिपोर्ट

Post Published By: डीएन ब्यूरो
Updated : 20 August 2022, 11:16 AM IST
google-preferred

प्रयागराज: पहाड़ों में भारी बारिश से तबाही मची हुई है। कई सड़क व पुल ध्वस्त हो गये है और जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। पहाड़ों में बारिश के कारण उत्तर प्रदेश में गंगा और यमुना नदी का जलस्तर लगातार बढ़ता जा रहा है। कई स्थानों पर बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है। 
प्रयागराज समेत कई शहरों में बाढ़ की स्थिति बनती जा रही है। यहां कई स्थानों पर सड़कें जलमग्न हो गई है और जनजीवन अस्त-व्यस्त होने लगा है। 

प्रयागराज में कई स्थानों पर सड़कें जलमग्न

केंद्रीय जल आयोग के मुताबिक गंगा का जलस्तर लगातार बढ़ता जा रहा है। हालांकि वह चेतावनी बिंदु और खतरे के निशान से अब भी नीचे हैं। लेकिन जलस्तर में बढ़ाव की रफ्तार से खतरा भी बढ़ने लगा है। जिला प्रशासन ने गंगा तटवर्ती कॉलोनियों मे भी नजर रखने का आदेश दिया है। 

डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के मुताबिक प्रयागराज में दोनों तरफ से गंगा और यमुना से घिरे शहर के डेढ़ दर्जन से ज्यादा मोहल्ले और दो दर्जन गांवों में पानी घुस गया है। लगभग दो लाख की आबादी बाढ़ से घिर गई है। यहां जन जीवन संकट में घिरता जा रहा है। कई स्थानों पर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाने के प्रयास शुरू हो गये हैं। 

गंगा के जलस्तर में लगातार वृद्धि से गुरुवार रात वरुणा नदी में पलट प्रवाह शुरू हो गया। उधर यह स्थिति देख वरुणा तटवर्ती इलाके के लोगों की चिंता बढ़ गई है। वह रात में गृहस्थी सहेजकर सुरक्षित स्थानों व रिश्तेदारों के यहां शरण लेने लगे। उधर, जलमग्न हुए गंगा के घाटों पर पानी और चढ़ गया।