हिंदी
नई दिल्ली: देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मानों में शामिल पद्म पुरस्कारों के लिए नामांकन और अनुशंसाओं की प्रक्रिया गृह मंत्रालय ने शुरू कर दी है।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार, गणतंत्र दिवस 2026 की पूर्व संध्या पर घोषित होने वाले इन प्रतिष्ठित सम्मानों के लिए नामांकन की अंतिम तिथि 31 जुलाई तय की गई है। इच्छुक लोग राष्ट्रीय पुरस्कार पोर्टल पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
तीन श्रेणियों में दिए जाते हैं पद्म सम्मान
1954 में शुरू किए गए पद्म पुरस्कार तीन श्रेणियों में प्रदान किए जाते हैं:
पद्म विभूषण – असाधारण और विशिष्ट सेवा के लिए
पद्म भूषण – उच्च स्तर की विशिष्ट सेवा के लिए
पद्म श्री – किसी भी क्षेत्र में विशिष्ट सेवा के लिए
इन क्षेत्रों में दिए जाते हैं पुरस्कार
पद्म पुरस्कारों का दायरा बेहद व्यापक है। यह सम्मान कला, साहित्य, शिक्षा, खेल, चिकित्सा, सामाजिक कार्य, विज्ञान एवं इंजीनियरिंग, सार्वजनिक सेवा, सिविल सेवा, व्यापार, उद्योग और अन्य क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों को दिया जाता है।
हर व्यक्ति है पात्र
सरकार ने स्पष्ट किया है कि जाति, धर्म, लिंग, पेशा या पद के आधार पर कोई भेदभाव नहीं किया जाता। डॉक्टरों और वैज्ञानिकों को छोड़कर, सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों में कार्यरत सरकारी कर्मचारी आम तौर पर इन पुरस्कारों के पात्र नहीं होते।
गुमनाम नायकों को मिल रही पहचान
गौरतलब है कि मोदी सरकार 2014 से पद्म पुरस्कारों के जरिए समाज में चुपचाप योगदान देने वाले गुमनाम नायकों को भी सामने ला रही है। ऐसे कई उदाहरण सामने आए हैं जब दूर-दराज़ इलाकों में काम करने वाले सामान्य लोगों को इनके असाधारण कार्यों के लिए यह सम्मान मिला है।
ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया
पद्म पुरस्कारों के लिए नामांकन केवल राष्ट्रीय पुरस्कार पोर्टल (https://awards.gov.in) के माध्यम से ही किया जा सकता है। नामांकन फॉर्म में सभी आवश्यक जानकारियां और सिफारिशों का उल्लेख अनिवार्य होगा।
Published : 11 April 2025, 7:27 PM IST
Topics : civilian honors Dynamite News nominations open Online Nominations Padma awards 2026 Padma Bhushan Padma Shri Padma Vibhushan Rashtriya Puraskar