हिंदी
नई दिल्ली: देश के जाने-माने राजनेता मुरली देवड़ा की आज 88वीं जयंती है। दलीय सीमा से ऊपर उठकर सभी राजनीतिक दलों के प्रमुख नेता इस अवसर पर उनको याद कर रहे हैं। मुरली देवड़ा को समाज और देश हित में उनके अतुलनीय योगदान के लिये हमेशा याद किया जाता रहेगा।
मुरली देवड़ा जीवन भर कांग्रेस के साथ जुड़े रहे। संगठन से लेकर सरकार तक में वे अनेक महत्वपूर्ण पदों पर रहे। मारवाड़ी परिवार से आने वाले देवड़ा ने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत बीएमसी के सभासद पद से की। अपनी लगन, निष्ठा, ईमानदारी और मेहनत से मुंबई के महापौर पद तक पहुंचे।
जमीनी स्तर पर मजबूत पकड़ रखने वाले देवड़ा का लंबे वक्त तक महाराष्ट्र की राजनीति में एकछत्र सिक्का चलता रहा। सार्वजनिक जीवन में वे विधान परिषद् से लेकर लोक सभा और राज्य सभा तक के सदस्य रहो लंबे वक्त तक वे भारत सरकार के पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस तथा कारपोरेट मामलों के मंत्री रहे। मुंबई क्षेत्रीय कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पद से लेकर वे कांग्रेस कार्यसमिति के स्थायी आमंत्रित सदस्य तक रहे।
उन्हें आयरन लेडी कहे जाने वाली इंदिरा गांधी से लेकर देश के सबसे युवा प्रधानमंत्री रहे राजीव गांधी और सोनिया गांधी तक के साथ काम करने का मौका मिला। इसके अतिरिक्त वे अनेक सामाजिक संस्थाओं से भी जुड़े रहे। देवड़ा के प्रयासों से लाखों गरीबों और वंचितों के जीवन में परिवर्तन आया।
मुरली देवड़ा की जयंती के अवसर पर उनके पुत्र मिलिंद ने सोशल मीडिया पर पिता को भावपूर्ण तरीके से याद करते हुए बचपन की एक फोटो शेयर की। इत्तफाक से मिलिंद देवड़ा की पुत्री का जन्मदिन भी आज 10 जनवरी को ही है। मिलिंद ने कहा- जहां पिता ने 'मुझमें सार्वजनिक सेवा के संस्कार डाले वहीं मेरी बेटी ने मेरे जीवन को असीम आनंद और भविष्य की आशाओं से भर दिया।
विभिन्न राजनीतिक दल आज देवड़ा को याद कर रहे हैं। कांग्रेस और पार्टी के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने सोशल मीडिया पर अलग-अलग पोस्ट कर उन्हें याद किया।
कांग्रेस ने कहा कि मुरली देवड़ा का जन कल्याण में योगदान अद्वितीय है और सार्वजनिक सेवा और भारत की प्रगति के प्रति उनका समर्पण हमेशा प्रेरणादायक रहेगा।
वहीं कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे ने अपने पोस्ट में कहा बॉम्बे के मेयर के रूप में उनका योगदान अविस्मरणीय है। देवड़ा ने भारत की तेल कूटनीति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए अपना जीवन राष्ट्रीय प्रगति और लोक कल्याण के लिए समर्पित कर दिया।
वहीं शिवसेना ने कहा मुरली देवड़ा ने नगरसेवक से लेकर भारत सरकार के मंत्री तक का कठिन सफर तय किया, उन्होंने महाराष्ट्र और देश की राजनीति पर अपनी अमिट छाप छोड़ी है।
Published : 10 January 2025, 8:13 PM IST
Topics : birth anniversary DynamiteNews ManojTibrewalAkashJournlist Murli Deora TrendingNews Veteran visionary politician