हिंदी
लखनऊः राष्ट्रीय लोक दल के प्रदेश अध्यक्ष डॉक्टर मसूद अहमद ने मंगलवार को पत्रकार वार्ता के दौरान कहा कि इलाहाबाद और लखनऊ के इकाना क्रिकेट स्टेडियम का नाम बदला जाना केवल राजनीतिक स्टंट भर है। इससे आम जन को कोई फर्क नहीं पड़ता है। बीजेपी को इससे 2019 के लोकसभा चुनाव में कोई लाभ होने वाला नहीं है। मसूद अहमद ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को खुद कोई शहर या स्टेडियम बनवाकर उसका नाम अटल जी के नाम पर रखना चाहिए था।
BJP के खिलाफ महागठबंधन में राष्ट्रीय लोक दल भी शामिल
राष्ट्रीय लोक दल के प्रदेश अध्यक्ष डॉक्टर मसूद अहमद ने कहा कि 2019 के लोकसभा चुनाव में भाजपा के खिलाफ बनने वाले महागठबंधन में राष्ट्रीय लोक दल भी शामिल होगा। वहीं राजस्थान में होने वाले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के साथ 6 सीटों पर राष्ट्रीय लोक दल के उम्मीदवार भी चुनावी मैदान में उतरेंगे।
यह भी पढ़ेंः लोकसभा चुनाव से पहले मोदी ने चला ये दांव, यहां मनायेंगे दिवाली
यह भी पढ़ेंः पाकिस्तानी हिजबुल मुजाहिदीन के दो आतंकवादियों को सेना ने कुछ यूं सिखाया सबक
शिक्षक भर्ती उम्मीदवारों पर लाठीचार्ज युवाओं के साथ धोखाः RLD
राष्ट्रीय लोक दल के प्रदेश अध्यक्ष डॉक्टर मसूद अहमद ने आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा ने युवाओं को गुमराह कर पहले तो उनके वोट हासिल कर लिए और जब वे नौकरी की मांग को लेकर विधानसभा के सामने प्रदर्शन करने पहुंचे तो सरकार के इशारे पर पुलिस ने उन पर भीषण लाठीचार्ज कर दिया। यह युवाओं के साथ सरासर नाइंसाफी है। राष्ट्रीय लोकदल इसकी कड़ी निंदा करता है।
अहमद ने कहा कि लोकसभा चुनाव में अब कुछ ही महीने बाकी रह गये है और भाजपा को अपनी हार तय दिख रही है। जनता भी इस मौके का इंतजार कर रही है। 2019 में लोकसभा चुनाव में केंद्र से भाजपा सरकार को जनता जरूर सबक सिखाकर BJP को सत्ता से बेदखल करेगी।
Published : 6 November 2018, 2:35 PM IST
Topics : 2019 लोकसभा चुनाव bjp RLD अटल बिहारी वाजपेयी इकाना स्टेडियम डॉक्टर मसूद अहमद नामकरण प्रदेश अध्यक्ष राजनीतिक स्टंट लखनऊ