हिंदी
पटना: लोक सभा चुनाव में विपक्षी एकता की मजबूती और चुनावी जीत के लिये रविवार को बिहार की राजधानी पटना के गांधी मैदान में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने महागठबंधन की जनविश्वास रैली को संबोधित करते हुए भाजपा पर कई हमले बोले।
सपा प्रमुख और यूपी के पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने लोक सभा चुनाव में जीत का नया फार्मूला देते हुए कहा कि बिहार और उत्तर प्रदेश मिलकर भाजपा को सत्ता से हटा सकते हैं।
पटना में जनविश्वास रैली में अखिलेश यादव ने भाजपा पर करारा हमला करते हुए कहा कि जो परिवारवाद का आरोप लगा रहे हैं, मैं उन भाजपा वालों से कहना चाहता हूं कि वह संकल्प लें कि किसी परिवार वाले को टिकट नहीं देंगे। वे संकल्प लें किसी परिवारवालों से वोट लेने नहीं जाएंगे।
अखिलेश ने कहा कि गांधी मैदान में यह जो जोश दिख रहा है, यही बदलाव लाएगा। जो भाजपा को हराएगा। उन्होने कहा कि उत्तर प्रदेश 80 और बिहार 40 को मिलाकर 120 सीटें जीतने से हम भाजपा को हरा सकते हैं।

उन्होंने आगे कहा कि भाजपा की पहली सूची आ गई। उसमें बिहार बाहर है। इसलिए अब वह बिहार से बाहर जाने वाले हैं। यूपी वाले भी बाहर जाने वाले हैं।
पटना के गांधी मैदान में आरजेडी, समाजवादी पार्टी, कांग्रेस, वामदलों के कार्यकर्ता और शीर्ष नेतृत्व रैली में मौजूद हैं। खुद लालू यादव, राहुल गांधी, तेजस्वी यादव, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और डी राजा, माले के राष्ट्रीय महासचिव दीपंकर भट्टाचार्य समेत वाम दल के नेता रैली में मौजूद हैं।
गांधी मैदान में महागठबंधन के नेताओं और कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ को देखते हुए पटना पुलिस की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। वहीं लोगों की भीड़ को देखते हुए यातायात रूट को डायवर्ट किया गया है।
Published : 3 March 2024, 4:07 PM IST
Topics : bihar Grand alliance Jan Vishwas Rally Patna गांधी मैदान जन विश्वास महारैली पटना बिहार महागठबंधन