हिंदी
फतेहपुर: जनपद में शिवराजपुर स्थित धार्मिक नगरी में आज से ऐतिहासिक कार्तिक मेले की शुरुआत हो रही है। कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर शुरू हो रहा यह मेला 21 नवंबर तक चलेगा। हर साल हजारों श्रद्धालु और पर्यटक इस मेले में भाग लेते हैं। मेले में धार्मिक अनुष्ठानों के साथ-साथ सांस्कृतिक और सामाजिक गतिविधियां मुख्य आकर्षण होती हैं।
गंगेश्वर शिव मंदिर का ऐतिहासिक महत्व
गंगा नदी के किनारे बसे शिवराजपुर में गंगेश्वर शिव मंदिर का गहरा ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व है। इस मंदिर का उल्लेख ब्रह्म पुराण में भी मिलता है। इसे माता पार्वती की तपोभूमि माना जाता है। मान्यता है कि यहां शिवलिंग की पूजा करने से श्रद्धालुओं की मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। कार्तिक पूर्णिमा पर यहां विशेष पूजा-अर्चना और गंगा स्नान का आयोजन किया जाता है।
मेले के प्रमुख आकर्षण
इस मेले में धार्मिक अनुष्ठानों के साथ ही मनोरंजन के लिए झूले, सर्कस और विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। पशु व्यापार मेले का भी आयोजन होगा, जिसमें दूर-दराज के व्यापारी अपने पशुओं के साथ भाग लेते हैं। स्थानीय कलाकारों द्वारा प्रस्तुत नृत्य और संगीत कार्यक्रम मेले को और भी रोचक बनाएंगे।
20 से अधिक गांवों की भागीदारी
शिवराजपुर कार्तिक मेले में करीब 20 से अधिक गांवों के लोग शामिल होंगे। रावतपुर, बीकमपुर, करचलपुर और अन्य आसपास के गांवों से श्रद्धालु पैदल और वाहनों से मेले में पहुंचते हैं। श्रद्धालुओं के लिए गंगा घाट तक पहुंचने के लिए तीन प्रमुख मार्ग बनाए गए हैं, जिससे आवाजाही सुगम हो सके।
Published : 17 November 2024, 3:41 PM IST
Topics : Fatehpur Kartik Fair Manoj Tibrewal Manoj Tibrewal Akash Shivrajpur trending news कार्तिक मेला फतेहपुर समाचार शिवराजपुर