फतेहपुर में शादी की रात के बाद मौत का मंजर, ट्रक ने चार युवकों को कुचला

फतेहपुर के ललौली क्षेत्र में मेवली मोड़ के पास दो बाइकों की टक्कर के बाद पीछे से आ रहे ट्रक ने चार युवकों को कुचल दिया। चारों की मौत हो गई। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 21 February 2026, 2:29 PM IST
google-preferred

Fatehpur: एक दर्दनाक सड़क हादसे ने चार परिवारों की खुशियां छीन लीं। ललौली थाना क्षेत्र के मेवली मोड़ सिधांव के पास दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हुई और तभी पीछे से तेज रफ्तार ट्रक ने चारों युवकों को कुचल दिया। सड़क पर खून और चीख-पुकार का ऐसा मंजर था कि जिसने भी देखा, सिहर उठा। बताया जा रहा है कि चारों युवक शादी समारोह से लौटकर अपने घर जा रहे थे।

मेवली मोड़ पर हुआ खौफनाक हादसा

घटना ललौली थाना क्षेत्र के मेवली मोड़ सिधांव के पास हुई। जानकारी के मुताबिक दोनों बाइक पर सवार युवक एक ही दिशा में जा रहे थे। इसी दौरान किसी वजह से दोनों बाइकों की आपस में जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि चारों युवक सड़क पर गिर पड़े। तभी पीछे से आ रहे ट्रक ने ब्रेक लगाने का मौका तक नहीं दिया और चारों को कुचलता हुआ निकल गया।

पांच महीने की मोहब्बत का दुखद अंत, फतेहपुर में दंपति की रहस्यमयी मौत ने उठाए कई सवाल

मौके पर ही दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। बाकी दो को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया। तीसरे युवक ने गाजीपुर सीएचसी में दम तोड़ दिया, जबकि चौथे की कानपुर के हैलट अस्पताल ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई।

मृतकों की पहचान

ललौली थाना प्रभारी के मुताबिक इस हादसे में आकाश यादव, सौरभ द्विवेदी, उमेश पाल और गजराज पाल उर्फ पिंटू की मौत हुई है। पुलिस ने चारों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

हादसे की खबर मिलते ही गांव में कोहराम मच गया। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक के परिजन विकास सिंह ने बताया कि चारों युवक शादी समारोह से लौट रहे थे और किसी को अंदाजा नहीं था कि रास्ते में ऐसा हादसा हो जाएगा। गांव में मातम पसरा हुआ है और हर आंख नम है।

फतेहपुर में दर्दनाक हादसा: निर्माणाधीन मकान बना मौत का कुंआ, भाई-बहन की जान गई

पुलिस की कार्रवाई

पुलिस ने बताया कि ट्रक की तलाश की जा रही है और मामले की जांच जारी है। शुरुआती जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे की वजह माना जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Location : 
  • Fatehpur

Published : 
  • 21 February 2026, 2:29 PM IST

Advertisement
Advertisement