हिंदी
गोरखपुर: जिले के गोला थाना क्षेत्र में पुलिस ने बैंक से धोखाधड़ी कर लोन और डेथ क्लेम की रकम हड़पने के आरोप में चार महिलाओं को गिरफ्तार किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. गौरव ग्रोवर के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत गोला पुलिस ने यह कार्रवाई की।
क्या है पूरा मामला?
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार, पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार महिलाओं पर आरोप है कि इन्होंने बैंक से लोन लेने के बाद अपने-अपने पति को फर्जी तरीके से मृत घोषित कर मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाया। इसके बाद बैंक की किस्तें न जमा करते हुए 'डेथ क्लेम' के रूप में भारी रकम हड़प ली। जब बैंक को धोखाधड़ी का शक हुआ तो उसने इसकी शिकायत पुलिस में दर्ज कराई।
शिकायत के आधार पर थाना गोला में मुकदमा संख्या 548/2023 धारा 406, 419, 467, 468, 471 आईपीसी के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सभी आरोपित महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार महिलाएं
आशिया उर्फ आशा पत्नी इस्लाम स्वीपर, निवासी वार्ड नंबर 08, बड़ी मस्जिद, थाना गोला
राजकुमारी देवी पत्नी नीरज जायसवाल, निवासी वार्ड नंबर 21, मोहल्ला मछली हट्टा, गोला बाजार
साधना देवी पत्नी विनय कुमार मौर्य, निवासी सुअरज, थाना गोला
मोती देवी पत्नी गौरीशंकर प्रजापति, निवासी ग्राम देईडीहा, थाना गोला
पुलिस जांच में जुटी
गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक वेदप्रकाश शर्मा, उप निरीक्षक देवेंद्र सिंह यादव और कांस्टेबल अजीत यादव शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार महिलाओं से पूछताछ की जा रही है। साथ ही इस पूरे फर्जीवाड़े में शामिल अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है और जल्द ही और खुलासे होने की संभावना है।
Published : 23 March 2025, 7:43 PM IST
Topics : Forged Documents four women arrested fraud fraud documents Gorakhpur Gorakhpur News Gorakhpur Police women arrested in gorakhpur