हिंदी
नयी दिल्ली: दिल्ली विधानसभा चुनाव नजदीक आने के साथ ही आम आदमी पार्टी (आप) के प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली सरकार की ओर से मुख्यमंत्री महिला सम्मान योजना शुरू करने की बृहस्पतिवार को घोषणा की और कहा कि यदि चुनाव के बाद वह सत्ता में लौटती है तो मासिक सहायता राशि 1,000 रुपये से बढ़ाकर 2,100 रुपये की जाएगी।
केजरीवाल की पार्टी तीसरी बार सत्ता में आने की कोशिश कर रही है।
केजरीवाल ने कहा, ‘‘चूंकि 10-15 दिनों में चुनावों की घोषणा हो जाएगी, इसलिए चुनाव से पहले धन हस्तांतरित करना संभव नहीं है।’’
हालांकि बाद में, दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा कि यदि आदर्श आचार संहिता 15 जनवरी के बाद लागू होती है, तो पात्र महिलाओं के बैंक खातों में चुनाव से पहले पहली किस्त हस्तांतरित कर दी जाएगी।
‘मुख्यमंत्री महिला सम्मान योजना’ की घोषणा इस वर्ष का बजट पेश करते हुए मार्च में 2,000 करोड़ रुपये के आवंटन के प्रावधान के साथ की गई थी। उसे दिल्ली मंत्रिमंडल ने बृहस्पतिवार को मंजूरी दे दी।
केजरीवाल ने ‘आप’ मुख्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम में इस योजना की घोषणा की। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी की महिला कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए।
इस योजना के तहत दिल्ली में 18 वर्ष से अधिक आयु की सभी पात्र महिलाओं को मूल रूप से 1,000 रुपये प्रति माह देने का प्रस्ताव था। केजरीवाल ने कहा, ‘‘योजना के लिए पंजीकरण कल से शुरू होगा। यह 2,100 रुपये के लिए होगा।’’
उन्होंने कहा, ‘‘यह योजना महिलाओं को सशक्त बनाने और उनकी वित्तीय जरूरतों को पूरा करने के लिए है। भाजपा (भारतीय जनता पार्टी) इसे मुफ्त रेवड़ी कहती है, लेकिन मैं इसे हमारे समाज को मजबूत करने की दिशा में उठाया गया कदम मानता हूं। भाजपा पूछती है कि धन कहां से आएगा, लेकिन मैंने कहा था कि हम मुफ्त बिजली देंगे और हमने यह किया भी।’’
केजरीवाल ने चुनाव में अपनी पार्टी के बेहतरीन प्रदर्शन का भरोसा जताया और महिलाओं से सक्रिय रूप से उनका समर्थन करने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा, ‘‘अगर सभी महिलाएं मिलकर आगे आएं तो हम 60 से ज्यादा सीट जीतेंगे।’’
दिल्ली में विधानसभा चुनाव अगले साल फरवरी में होने की संभावना है जिसमें ‘आप’ लगातार तीसरी बार जीतने की उम्मीद कर रही है लेकिन उसके सामने भाजपा की कड़ी चुनौती है। ‘आप’ का मानना है कि इस घोषणा से चुनाव में उसकी संभावनाएं बढ़ेंगी।
केजरीवाल ने कहा, ‘‘मैं भाजपा को बताना चाहता हूं कि मैं जादूगर हूं, मैं हिसाब-किताब का जादूगर हूं।’’
उन्होंने कहा कि इस योजना पर सवाल उठाने वाले और संदेह पैदा करने वाले भाजपा नेताओं को ‘‘अब चिंता नहीं करनी चाहिए।’’
‘आप’ सरकार ने बजट के तहत इस योजना के लिए 2,000 करोड़ रुपये आवंटित किए हैं। संभावित लाभार्थियों की पात्रता के लिए मानदंड यह है कि महिला सरकारी नौकरी न करती हो या उसे पेंशन नहीं मिलती हो और वह जीएसटी (वस्तु एवं सेवा कर) या आयकर का भुगतान नहीं करती हो।
इस योजना से लगभग 45 लाख पात्र महिलाओं को लाभ मिलने की संभावना है।
भाजपा ने अभी तक अपना घोषणापत्र जारी नहीं किया है। उसने केजरीवाल पर निशाना साधते हुए सवाल किया कि ‘आप’ सरकार ने पंजाब में महिलाओं के लिए ऐसी योजना क्यों नहीं लागू की, जबकि 2022 में राज्य में चुनाव से पहले उसने इसी तरह की घोषणा की थी।
भाजपा की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा, ‘‘केजरीवाल केवल अपना झूठा वादा दोहरा रहे हैं। दिल्ली में लोकसभा चुनाव के दौरान भी उन्होंने महिलाओं से प्रपत्र भरवाए थे लेकिन उन्हें कुछ नहीं दिया।’’
विपक्ष के नेता विजेंद्र गुप्ता ने दिल्ली की महिलाओं को 2,100 रुपये प्रतिमाह देने की केजरीवाल की घोषणा को ‘‘इस सदी का सबसे बड़ा झूठ’’ बताया।
गुप्ता ने आरोप लगाया कि हर चुनाव से पहले झूठे वादे करके जनता को गुमराह करना और फिर उन्हें भूल जाना केजरीवाल की आदत बन गई है।
दक्षिणी दिल्ली से भाजपा सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी ने भी केजरीवाल की घोषणा को ‘‘चुनावी धोखा और क्रूर मजाक’’ करार दिया। बिधूड़ी ने आरोप लगाया कि आप प्रमुख एक बार फिर दिल्ली को धोखा दे रहे हैं।
कांग्रेस की दिल्ली इकाई के प्रमुख देवेन्द्र यादव ने भी कहा कि दिल्ली की ‘‘माताओं और बहनों’’ को 2,100 रुपये प्रति माह देने का केजरीवाल का नया वादा एक और झूठा वादा है और वह प्रत्येक परिवार की एक महिला को 1,000 रुपये देने के अपने पिछले वादे को पूरा करने में विफल रहे।
Published : 13 December 2024, 11:45 AM IST
Topics : Delhi News elections financial assistance women अरविंद केजरीवाल आम आदमी पार्टी महिला सम्मान योजना