हिंदी
नयी दिल्ली: उत्तरी दिल्ली के बुराड़ी इलाके में एक स्कूल के समीप एक लड़की पर तेजाब जैसा तरल पदार्थ कथित तौर पर फेंकने को लेकर रविवार को 16 वर्षीय एक किशोर को पकड़ा गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
घटना बुधवार दोपहर एक बजे हुई, जब लड़की शास्त्री पार्क एक्सटेंशन इलाके में एक स्कूल से अपने 10 वर्षीय संबंधी को लाने के लिए गयी थी।
यह भी पढ़ें: उच्चतम न्यायालय ने 74 वर्षों तक संविधान के ‘मन और आत्मा’ के रूप में काम किया
घटना की शिकायत उसी दिन दर्ज कर बुराड़ी पुलिस थाने में भारतीय दंड संहिता की धाराओं 326 (बी) और 341 के तहत प्राथमिकी भी दर्ज की गयी।
डाइनामाइट न्यूज संवाददाता के अनुसार पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि उस रसायन की वजह से लड़की को अपनी आंखों, गर्दन और नाक पर झुलसने जैसा आभास, खुजली और जलन महसूस हुई।
अधिकारी ने बताया कि हमले के बाद लड़की को बुराड़ी के ही एक सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के बाद उसे छुट्टी दे दी गयी।
यह भी पढ़ें: कांग्रेस ने नीतीश की तुलना गिरगिट से की, बताया विश्वासघात में माहिर
पुलिस ने हमलावर की पहचान और उसे पकड़ने के लिए तीन टीमें गठित कीं। चूंकि पीड़िता हमलावर को नहीं जानती थी और न ही उसका आरोपी से कोई संबंध था इसलिए पुलिस को मामले की तह तक जाने में मुश्किल हुई।
पुलिस उपायुक्त (उत्तर) मनोज कुमार मीणा ने बताया, ''दुर्भाग्यवश, अपराध स्थल पर कोई कैमरा नहीं लगा हुआ था, जिसकी वजह से मामले की जांच आसान नहीं रही।''
उपायुक्त ने बताया, ''बारीकी से जांच करने पर हमारी सीसीटीवी टीम ने करीब 10 मिनट बाद अपराध स्थल से एक किलोमीटर दूर एक लड़के को भागते हुए देखा। उसका चेहरा साफ-साफ दिखाई नहीं दे रहा था लेकिन जैसा हुलिया हमें बताया गया था उससे मेल खा रहा था।''
वीडियो को ध्यानपूर्वक देखने पर और जानकारी मिली, जिसके आधार पर संदिग्ध को पकड़ लिया गया।
अधिकारी ने बताया कि आरोपी ने पूछताछ के दौरान अपना गुनाह कबूल कर लिया।
उन्होंने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया कि संदिग्ध किशोर लड़कियों से नफरत करता था और राह चलती लड़कियों को अपना शिकार बनाता था।
अधिकारी के मुताबिक, ''वह पीड़िता को नहीं जानता था।''
Published : 28 January 2024, 9:18 PM IST
Topics : Acid Girl minor उत्तरी दिल्ली किशोर तेजाब नयी दिल्ली पुलिस बुराड़ी लड़की
No related posts found.