हिंदी
अलीगढ़: जिले के मडराक थाना क्षेत्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। जहां बेटी की शादी से पहले उसकी मां ही होने वाले दामाद के साथ फरार हो गई। हैरान करने वाली बात यह है कि महिला घर से करीब 3.5 लाख रुपये नकद और लगभग पांच लाख रुपये के जेवरात भी साथ ले गई।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार, अब यह सास-दामाद की 'लव स्टोरी' इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है। पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है और सर्विलांस के जरिए दोनों की लोकेशन उत्तराखंड में ट्रेस की गई है।
शादी की तैयारियों के बीच गायब हुई पत्नी
पीड़ित पति जितेंद्र कुमार ने बताया कि वह 16 अप्रैल को होने वाली बेटी की शादी के सिलसिले में अपने रिश्तेदारों को कार्ड देने गया था। इसी दौरान उसकी पत्नी ने उसे साली के घर कार्ड देने भेजा। जब वह वापस लौटा तो घर पर उसकी पत्नी गायब थी। पहले तो लगा कि वह किसी रिश्तेदार के घर गई होगी, लेकिन जब सभी जगह पता किया तो कोई जानकारी नहीं मिली। परेशान होकर उसने मडराक थाने में पत्नी की गुमशुदगी की तहरीर दी।
फोन पर 22 घंटे तक होती थी बात, दामाद ने दी बेशर्मी से सलाह
जितेंद्र कुमार ने पुलिस को बताया कि कुछ दिनों से उसकी पत्नी और होने वाला दामाद काफी अधिक फोन पर बातचीत कर रहे थे। संदेह होने पर भी शादी पास होने की वजह से उसने कुछ नहीं कहा था लेकिन जब पत्नी अचानक गायब हुई तो उसने दामाद को फोन किया। पहले तो लड़का बात को टालता रहा, लेकिन बार-बार पूछने पर उसने स्वीकार कर लिया कि महिला उसके साथ ही है।
दामाद ने जितेंद्र से कहा, “तुमने इनके साथ 20 साल बिता लिए, अब इन्हें भूल जाओ। इन्हें परेशान मत करो।” इसके बाद उसने अपना मोबाइल फोन स्विच ऑफ कर दिया।
घर में नहीं छोड़ा 10 रुपये भी, बेटी ने जताई नाराजगी
महिला की बेटी ने बताया कि उसकी मां घर से करीब 3.5 लाख रुपये और 5 लाख रुपये के जेवरात लेकर गई है। “अब घर में 10 रुपये तक नहीं बचे हैं,” उसने कहा। बेटी ने दुख जताते हुए कहा, “हमें सिर्फ अपना पैसा और जेवर वापस चाहिए। वह अब जिए या मरे, हमें फर्क नहीं पड़ता।”
दहेज के लिए इकट्ठा की गई नकदी और गहनों पर हाथ साफ
पुलिस जांच में पता चला है कि महिला और दामाद की बातचीत का माध्यम एक स्मार्टफोन था, जो कि शादी तय होने के बाद 3 अप्रैल को लड़की के माता-पिता ने दामाद को गिफ्ट किया था। उसी फोन के जरिए दोनों में दिन-रात बातचीत होती थी, कभी-कभी तो 20-22 घंटे तक होती थी। रविवार को दामाद अपने परिवार को यह कहकर घर से निकला कि वह शादी के कपड़ों की खरीदारी करने जा रहा है। बाद में उसने पिता को फोन करके कहा, “मुझे मत खोजना, मैं जा रहा हूं।” इसके बाद उसने भी अपना फोन बंद कर दिया।
उत्तराखंड में लोकेशन
सीओ इगलास महेश कुमार ने बताया कि सर्विलांस के जरिए दोनों की अंतिम लोकेशन उत्तराखंड में पाई गई है। पुलिस की एक टीम वहां भेजी जा रही है और दोनों को जल्द ही पकड़कर वापस लाने का प्रयास किया जा रहा है। इस अजीबोगरीब घटना से दोनों परिवारों में तनाव का माहौल है। बेटी की शादी के कार्ड बांटे जा चुके हैं और रिश्तेदारों को न्योता दिया जा चुका है। अब परिजन इस 'प्रेम कहानी' से हतप्रभ हैं और चाहते हैं कि महिला और युवक को जल्द से जल्द कानून के हवाले किया जाए।
Published : 10 April 2025, 5:21 PM IST
Topics : Aligarh Hindi News aligarh news Aligarh Police Aligarh Today News Crime in Aligarh Dynamite News UP News Uttar Pradesh News