हिंदी
हमीरपुर: जिले में आज एक जंजीर में कैद महिला जिला अस्पताल पहुंची, जिसे देखकर अस्पताल में हड़कंप मच गया। दो साल से जंजीरों में कैद महिला को प्रोबेशन विभाग की पहल पर जिला अस्पताल लाया गया, जहां हालात नाजुक होने पर उसे कानपुर रेफर किया गया। महिला की मां ने ससुरालीजनों की प्रताड़ना के चलते मानसिक संतुलन बिगड़ने का आरोप लगाया है।
डाइनामाइट न्यूज संवाददाता के मुताबिक जलालपुर थाना क्षेत्र के पुरैनी गांव निवासी 25 वर्षीय सुमन की शादी करीब तीन वर्ष पूर्व जालौन जनपद के आटा थानांतर्गत ददरी गांव निवासी महेंद्र से हुई थी। सुमन की मां जनकिया ने बताया कि ससुरालीजनों की प्रताड़ना के चलते उनकी बेटी पागल हो गई। ससुरालीजनों ने उसे मारा पीटा, मोबाइल पर बात करने को लेकर गंदे आरोप लगाये, जिस पर मुकदमा चला और बेटी की हालत बिगड़ती चली गई। दो साल पूर्व वह मायके में आकर रहने लगी। उसने बताया कि 12 दिन पूर्व वह डीएम-एसपी से मिली और बेटी के बारे में जानकारी दी। जिस पर उन्होंने उसके ठीक होने की बात कह इलाज कराने की सलाह दी।
बताया जा रहा है कि वह दो साल से जंजीर में कैद है, जिसे इलाज के लिए जिला अस्पताल लाया गया। जहां से चिकित्सकों ने कानपुर रेफर कर दिया। इमरजेंसी में तैनात डॉ. मोहित के अनुसार महिला मेंटली अनस्टेबिल थी। वह बार बार बोल रही थी कि छोड़ दो मैं भाग जाऊंगी।
जिला प्रोबेशन अधिकारी राजीव सिंह ने बताया कि एसडीएम सरीला का महिला को लेकर फोन आया था। उसे जिला अस्पताल लाया गया, जहां से उसे कानपुर रेफर किया गया है।
Published : 7 August 2024, 11:37 AM IST
Topics : Dynamite News hamirpur news jalalpur police station UP News जलालपुर थाना क्षेत्र पुरैनी गांव यूपी समाचार हमीरपुर समाचार