VIDEO: रामपुर पहुंचे अखिलेश यादव ने आजम खान के साथ की प्रेस वार्ता, कहा- यह भाजपा सरकार का विदाई बजट था

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शनिवार को रामपुर में आजम खान के साथ की प्रेस वार्ता की और इस मौके पर भाजपा की नीतियों को लेकर कई सवाल खड़े किये। पढ़िये डाइनामाइट न्यूज़ की पूरी रिपोर्ट

Post Published By: डीएन ब्यूरो
Updated : 4 February 2023, 5:14 PM IST
google-preferred

रामपुर: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शनिवार को यूपी के बरेली, मुरादाबाद और रामपुर का दौरा किया। सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने रामपुर में प्रेस कांफ्रेस की। इस मौके पर सपा के वरिष्ठ नेता आजम खान भी अखिलेश यादव के साथ मौजूद रहे। अखिलेश यादव ने भाजपा समेत उसकी नीतियों पर कई सवाल उठाये। अखिलेश ने कहा हाल में पेश बजट को भाजपा का विदाई बजट भी करार दिया। 

रामपुर में आजम खान के साथ अखिलेश यादव

रामपुर में अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा से जनता बहुत निराश है। यह बजट सरकार का विदाई बजट था। इसके बाद भाजपा सरकार की विदाई तय है। भारतीय जनता पार्टी ने जो नई परंपरा चलाई है, यह लोकतंत्र के लिए खतरा पैदा कर रही है। लोकतंत्र में यह स्वस्थ व्यवहार नहीं है कि आप अपने पॉलिटिकल लोगों पर झूठे मुकदमे लगाएं। भाजपा ने समाजवादी पार्टी के लोगों पर झूठे मुकदमे लगाये हैं। 

सपा अध्यक्ष ने कहा कि मुझे याद है कि यूपी में जिस समय बिजली विभाग के कर्मचारियों का प्रोविडेंट फंड एक प्राइवेट कंपनी में इन्वेस्ट कर दिया गया था। कंपनी जब भाग गई तो उस समय जिन अधिकारियों ने फैसला लिया था, उन्हें जेल भेजा गया था। क्या इसी तर्ज पर भाजपा LIC और SBI के अधिकारियों को भी उसी तरह जेल भेजेगी?

उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के लोगों से पूछना चाहता हूं। एलआईसी, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया और ना जाने कितनी संस्थाओं का पैसा अपने सबसे प्रिय उद्योगपति को लगा दिया। आज कई लाख करोड़ रुपए का घाटा हो गया है। क्या अधिकारियों को जेल भेजा जाएगा?

अखिलेश यादव ने कहा कि यूपी सरकार कहती है हम इन्वेस्टमेंट लाएंगे। लखनऊ में इन्वेस्टमेंट की तैयारी हो रही है। कम से कम सरकार बताए पिछली बार कितना इन्वेस्टमेंट आया था। मुख्यमंत्री कह रहे 75% जमीन पर ले आए। मुझे बताइए मुरादाबाद अमरोहा रामपुर में कोई बड़ा कारखाना लगा हो सरकार की तरफ से?

उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के लोग कागज लेकर घूमते हैं। अगर कोई टाई पहने, सूट पहने दिख जाए उससे एमओयू साइन करा लेते हैं। 5 लाख करोड़ रुपए का निवेश तो जमीन पर पहुंचा नहीं। अब न जाने कितने लाख करोड़ रुपए की तैयारी है। क्या भाजपा के निवेश की यह योजना जमीन पर उतरेगी? भाजपा सिर्फ जनता को धोखा दे रही है।