डेब्यू का अच्छा मौका गंवा बैठे ऋतुराज गायकवाड़! इंग्लैंड जाने से किया इनकार, आखिर ऐसा क्या हुआ?

गायकवाड़ ने चोट के बाद हाल ही में इंग्लैंड दौरे पर इंडिया ए के लिए कुछ मैच खेले थे, जिसके बाद उनके काउंटी खेलने की संभावनाएं थी। लेकिन, अब खबर आई है कि उन्होंने इंग्लैंड जाने से इनकार कर दिया है।

Post Published By: Mrinal Pathak
Updated : 19 July 2025, 10:26 AM IST
google-preferred

New Delhi: काफी लंबे समय से भारत के स्टार बल्लेबाज ऋतुराज गायकवाड़ टीम से दूर चल रहे हैं। शानदार खेल दिखाने के बावजूद वह टीम में एंट्री नहीं कर पा रहे हैं। हालांकि, वह जल्द ही इंग्लैंड में खेलते नजर आने वाले थे, लेकिन अब वो भी कैंसिल हो गया है। गायकवाड़ ने इंग्लैंड के काउंटी क्लब यॉर्कशायर को बड़ा झटका दिया है।

दरअसल, ऋतुराज गायकवाड़ ने इस इंग्लिश क्लब के साथ 5 मैचों का कॉन्ट्रैक्ट साइन किया था। वह इस लीग में 22 जुलाई को डेब्यू भी करने वाले थे। लेकिन, मुकाबले के महज कुछ दिन पहले ही उन्होंने अपना नाम वापस लेकर फैंस को हैरान कर दिया है।

क्यों नहीं खेलेंगे गायकवाड़?

गायकवाड़ के फैंस चाहते थे कि वह इंग्लैंड के काउंटी क्लब यॉर्कशायर के लिए खेलें। लेकिन, उनके इस इनकार ने सभी को हैरान कर दिया है। हालांकि, उन्होंने इसके पीछे की वजह निजी कारण बताया है। यॉर्कशायर ने गायकवाड़ के न खेलने की पुष्टि कर दी है। गायकवाड़ के इस फैसले से यॉर्कशायर को बड़ा झटका लगा है, क्योंकि टीम के पास उनका विकल्प ढूंढने के लिए अब अधिक समय नहीं बचा है।

क्या चोट है वजह?

आपको बता दें, गायकवाड़ आईपीएल 2025 के दौरान चोटिल हो गए थे, जिसके कारण वह सिर्फ 5 मैच ही खेल पाए थे। हालांकि, चोट ठीक होने के बाद गायकवाड़ ने इंग्लैंड दौरे पर इंडिया ए के लिए कुछ मैच खेले थे, जिसके बाद उनके काउंटी खेलने की संभावना काफी बढ़ गई थी। लेकिन, उनका अब ऐसे मना करना लोगों के मन में कई तरह के सवाल पैदा कर रहा है। बहुत से फैंस का ये कहना है कि हो सकता है उनकी चोट पूरी तरह से ठीक नहीं हुई होगी।

रिप्लेसमेंट की तलाश जारी

वहीं, मुख्य कोच एंथनी मैकग्रा ने गायकवाड़ के हटने पर निराशा जताई और कहा कि टीम उनके विकल्प की तलाश करेगी। मैक्ग्रा ने कहा, "दुर्भाग्य से, गायकवाड़ निजी कारणों से अभी नहीं आ रहे हैं। हम उन्हें स्कारबोरो या बाकी सीजन के लिए टीम में नहीं रख पाएंगे। यह निराशाजनक है।

नहीं बता सकता कारण...

उन्होंने आगे कहा, "मैं आपको कारणों के बारे में कुछ नहीं बता सकता, लेकिन हमें उम्मीद है कि सब ठीक हो जाएगा। हमें अभी पता चला है। हम पर्दे के पीछे इस पर काम कर रहे हैं कि हम क्या कर सकते हैं। लेकिन अब केवल दो या तीन दिन बचे हैं, इसलिए मुझे नहीं पता कि हम इस समय क्या कर सकते हैं। हम एक संभावित प्रतिस्थापन की तलाश कर रहे हैं, लेकिन समय का दबाव एक समस्या है। मैं इस समय इससे ज़्यादा कुछ नहीं कह सकता।"

गायकवाड़ का प्रथम श्रेणी रिकॉर्ड

गायकवाड़ के फर्स्ट क्लास रिकॉर्ड के बारे में बात करें तो उन्होंने 38 प्रथम श्रेणी मैच खेले हैं और 41.77 की औसत से 2632 रन बनाए हैं। उन्होंने लाल गेंद के क्रिकेट में 7 शतक बनाए हैं। उन्होंने भारत के लिए 23 टी20 और 6 वनडे मैच खेले हैं, लेकिन अभी तक खेल के सबसे लंबे प्रारूप में डेब्यू नहीं किया है।

Location :