Indian Test cricket: एबी डिविलियर्स ने कहा- भारतीय टेस्ट क्रिकेट में नया युग शुरू, शुभमन गिल संभालें जिम्मेदारी

भारतीय टेस्ट टीम की युवा पीढ़ी में संभावनाओं की एक नई किरण देखी है। पढ़िए डाइनामाइट न्यूज़ की ये रिपोर्ट

Post Published By: Sapna Srivastava
Updated : 31 May 2025, 3:57 PM IST
google-preferred

नई दिल्ली: दक्षिण अफ्रीका के दिग्गज बल्लेबाज एबी डिविलियर्स ने भारतीय टेस्ट टीम की युवा पीढ़ी में संभावनाओं की एक नई किरण देखी है। डिविलियर्स ने कहा कि इंग्लैंड के खिलाफ आगामी पांच टेस्ट मैचों की श्रृंखला भारत के लिए एक "नई शुरुआत" होगी और युवा खिलाड़ियों को अब जिम्मेदारी लेने का समय आ गया है। उन्होंने विशेष तौर पर 25 वर्षीय शुभमन गिल की ओर इशारा करते हुए कहा कि वह इस परिवर्तनशील दौर में टीम की अगुवाई करने की क्षमता रखते हैं।

भारत की टेस्ट टीम अब एक नए युग में प्रवेश कर रही है। रोहित शर्मा और विराट कोहली जैसे अनुभवी खिलाड़ियों के संन्यास के बाद अब पूरी जिम्मेदारी युवा खिलाड़ियों के कंधों पर है। यही नहीं, ऑस्ट्रेलिया दौरे के दौरान संन्यास ले चुके दिग्गज ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन और चोटिल तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी की अनुपस्थिति भी टीम के संतुलन को चुनौतीपूर्ण बना सकती है।

‘गिल को निभानी होगी बड़ी भूमिका’

डिविलियर्स ने मुंबई में एक सामाजिक संस्था के कार्यक्रम के इतर पत्रकारों से बातचीत में कहा, "हां, अब समय आ गया है कि युवा खिलाड़ी आगे आएं। शुभमन गिल जिम्मेदारी लें। भारत में बहुत प्रतिभा है, और इसका श्रेय आईपीएल को भी जाता है, जिसने कम उम्र में ही युवाओं को बड़ा मंच दिया है।"

उन्होंने आगे कहा कि टेस्ट क्रिकेट का यह नया चक्र भारत के लिए कई मायनों में निर्णायक साबित होगा। इंग्लैंड की परिस्थितियों में सफल होने के लिए खिलाड़ियों को न केवल तकनीकी रूप से मजबूत होना होगा, बल्कि मानसिक रूप से भी बेहद दृढ़ रहना होगा।

युवाओं के लिए अग्निपरीक्षा

डिविलियर्स का मानना है कि इंग्लैंड का दौरा भारतीय युवा टीम के लिए "अग्निपरीक्षा" की तरह होगा। उन्होंने कहा, "इंग्लैंड में खेलने का दबाव बहुत अधिक होता है। पिचें चुनौतीपूर्ण होती हैं और वहां की परिस्थितियां विदेशी खिलाड़ियों के लिए हमेशा कठिन रही हैं। लेकिन भारत के पास प्रतिभा की कमी नहीं है। अगर ये युवा खिलाड़ी खुद पर भरोसा रखें, तो कुछ खास हासिल कर सकते हैं।"

विराट कोहली की कमी महसूस होगी: डिविलियर्स

विराट कोहली के टेस्ट क्रिकेट से संन्यास को लेकर डिविलियर्स ने भावुक प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, "कोहली ने अपने दिल की सुनी। वह पिछले कुछ वर्षों में क्रिकेट के लिए जो योगदान दे चुके हैं, वह असाधारण है। हम उन्हें अभी भी क्रिकेट के मैदान पर देखेंगे, लेकिन टेस्ट क्रिकेट में उनकी गैरमौजूदगी निश्चित रूप से खलेगी। वह इस फॉर्मेट में एक मजबूत विरासत छोड़कर जा रहे हैं।"

नजरें अब नई पीढ़ी पर

अब जब भारत की टेस्ट टीम अपने दो सबसे भरोसेमंद स्तंभों के बिना मैदान में उतरेगी, तो सभी की निगाहें नए नेतृत्व और युवा खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर रहेंगी। शुभमन गिल, यशस्वी जायसवाल, रजत पाटीदार, अर्शदीप सिंह और अन्य युवा चेहरों को अब खुद को साबित करने का सुनहरा मौका मिलेगा।

Location :  New Delhi

Published :  31 May 2025, 3:51 PM IST

Advertisement