हिंदी
IPL की रफ्तार हो रही कमजोर (Img: Google)
New Delhi: बॉलीवुड के तमाशे को अमेरिकी-शैली के खेल प्रचार और ब्रांडिंग के मिश्रण से बना आईपीएल ने क्रिकेट की कमजोर होती अर्थव्यवस्था को बदला दिया था परन्तु छप्पर फाड़ धन देने वाले मॉडल की रफ्तार कमजोर होने लगी है।
आईपीएल ने क्रिकेट खेल पर भारत के वैश्विक राजनीतिक दबदबे को मज़बूत किया। यह बॉलीवुड के तमाशे को अमेरिकी-शैली के खेल प्रचार और ब्रांडिंग के साथ का मिश्रण बना, जिसमें चीयरलीडर्स और स्टेडियम को गुंजा देने वाले साउंडट्रैक भी शामिल हैं। आईपीएल ने क्रिकेट को भारत की नई उपभोक्ता अर्थव्यवस्था, मनोरंजन उद्योग, डिजिटल स्ट्रीमिंग और कॉरपोरेट पूंजी का सबसे चमकदार संगम बना दिया।
अब जो संदेश मिल रहे उससे आभास होता है कि आईपीएल के सुनहरे मॉडल की रफ्तार कमजोर हो रही है। प्रसारण और स्ट्रीमिंग अधिकारों की अगली नीलामी को लेकर उत्साह पहले जैसा नहीं दिख रहा, विज्ञापन बाज़ार पर नियामकीय दबाव बढ़ रहा है और लीग की व्यावसायिक संरचना कई नई चुनौतियों का सामना कर रही है। ऐसे में यह प्रश्न महत्वपूर्ण हो गया है कि क्या आईपीएल का आर्थिक स्वर्णकाल अब स्थिरता के दौर में प्रवेश कर रहा है, या यह केवल अस्थायी मंदी है।
हर उछाल एक समय के बाद स्थिरता की सीमा तक पहुँचता है। 2008 से 2023-27 के मीडिया अधिकार चक्र तक आईपीएल की कमाई लगभग छह गुना बढ़ी, किंतु अब अनुमान है कि अगली नीलामी लगभग 5.4 अरब डॉलर के आसपास ही ठहर सकती है। इसका कारण केवल बाजार की थकान नहीं, बल्कि वह बदलता डिजिटल परिदृश्य भी है जिसने पिछले दशक की विस्फोटक वृद्धि को संभव बनाया था।
2022 में रिलायंस समर्थित वायकॉम 18 और डिज्नी स्टार के बीच जो आक्रामक बोली युद्ध हुआ था, उसने कीमतों को असाधारण स्तर तक पहुँचा दिया। अब जब मीडिया कंपनियों के बीच विलय और पुनर्गठन हो चुके हैं, वैसी प्रतिस्पर्धा की संभावना कम दिखती है। अमेजन और नेटफ्लिक्स जैसे वैश्विक मंच अभी भी भारतीय क्रिकेट के प्रसारण अधिकार खरीदने के लिये उतने आक्रामक नहीं हैं जितनी उम्मीद की जा रही थी। वास्तविक संकट विज्ञापन मॉडल में भी दिखाई दे रहा है। आईपीएल की अर्थव्यवस्था लंबे समय तक ऑनलाइन गेमिंग, फैंटेसी स्पोर्ट्स और क्रिप्टो कंपनियों के विज्ञापनों पर निर्भर रही लेकिन सरकार द्वारा सट्टेबाजी और भ्रामक वित्तीय उत्पादों पर सख्ती बढ़ाने के बाद इन क्षेत्रों से आने वाला विज्ञापन धन घटने लगा है। इसका सीधा असर प्रसारण कंपनियों और फ्रेंचाइज़ियों दोनों पर पड़ा है।
भारतीय कंसल्टेंसी डीएंडपी के अनुसार लगातार दो वर्षों से आईपीएल टीमों के मूल्यांकन में गिरावट दर्ज की गई है। इसके साथ ही लागत का दबाव भी तेजी से बढ़ा है। अब केवल टीवी प्रसारण पर्याप्त नहीं रह गया। मोबाइल आधारित स्ट्रीमिंग, 12 भाषाओं में कमेंट्री, हाई-डेफिनिशन मल्टी-कैमरा और करोड़ों दर्शकों को एक साथ संभालने वाला डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर अत्यंत महंगा साबित हो रहा है। अनुमान है कि मौजूदा चक्र में आईपीएल के प्रसारण अधिकार धारकों को सामूहिक रूप से लगभग 2 अरब डॉलर तक का नुकसान हो सकता है। यानी दर्शक संख्या बढ़ रही है, लेकिन मुनाफा उतनी तेजी से नहीं बढ़ रही।
विराट कोहली , रोहित शर्मा और एमएस धोनी जैसे खिलाड़ी अब अपने करियर के अंतिम चरण में हैं। आरसीबी, चेन्नै सुपर किंग्स और मुंबई इंडियंस जैसी टीमों का बड़ा व्यावसायिक आकर्षण अब भी इन्हीं चेहरों पर टिका हुआ है। लेकिन क्या नई पीढ़ी के खिलाड़ी वैसा ही भावनात्मक और बाज़ार मूल्य पैदा कर पाएंगे? यह आईपीएल के भविष्य के लिए निर्णायक प्रश्न होगा।
वैश्विक क्रिकेट कैलेंडर भी अब लगभग भर चुका है। दुनिया के लगभग हर बड़े क्रिकेट देश ने अपनी घरेलू लीग शुरू कर दी है—ऑस्ट्रेलिया की बिग बैश, पाकिस्तान की पीएसएल, दक्षिण अफ्रीका की एसए20 और अमेरिका की मेजर लीग क्रिकेट। इससे खिलाड़ियों का समय सीमित हो गया है।
आईपीएल अगले चक्र में मैचों की संख्या बढ़ाने पर विचार कर रहा है, लेकिन उसके चेयरमैन अरुण सिंह धूमल खुद स्वीकार कर चुके हैं कि, व्यस्त अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों को देखते हुए यह थोड़ा कठिन है। फिर भी यह कहना जल्दबाजी होगी कि आईपीएल का आकर्षण समाप्त हो रहा है। इसकी सबसे बड़ी ताकत उसकी सुरक्षित आर्थिक संरचना है। यूरोपीय फुटबॉल की तरह यहाँ टीमों को निचली लीग में जाने का खतरा नहीं होता। केंद्रीय राजस्व वितरण उन्हें स्थायी वित्तीय सुरक्षा देता है। यही कारण है कि लक्ष्मी मित्तल, अदार पूनावाला और बड़े वैश्विक निवेशक अब भी आईपीएल टीमों में दिलचस्पी दिखा रहे हैं।
दरअसल, आईपीएल टीम केवल खेल निवेश नहीं, बल्कि प्रतिष्ठा, नेटवर्किंग और ब्रांड शक्ति का प्रतीक बन चुकी है। आईपीएल की कहानी केवल क्रिकेट की नहीं, बल्कि उस नई अर्थव्यवस्था की भी कहानी है जिसमें खेल, मनोरंजन, तकनीक और पूंजी का विलय हो चुका है। अब चुनौती यह है कि क्या यह मॉडल केवल “तमाशे” पर आधारित रहेगा या दीर्घकालिक खेल संस्कृति और आर्थिक स्थिरता भी विकसित करेगा।
यदि आईपीएल को आने वाले दशक में अपनी चमक बनाए रखनी है, तो उसे केवल बड़े सितारों और महंगे मीडिया अधिकारों पर नहीं, बल्कि मजबूत खेल पारिस्थितिकी, युवा प्रतिभा, पारदर्शी प्रशासन और टिकाऊ व्यावसायिक मॉडल पर भी ध्यान देना होगा। तभी भारतीय क्रिकेट की यह “कैश मशीन” केवल शोर नहीं, बल्कि स्थायी शक्ति साबित हो सकेगी। यही यह तय करेगा कि अगले साल आईपीएल कितनी धूम धड़ाके के साथ वापसी करता है।
Location : New Delhi
Published : 31 May 2026, 10:10 AM IST
Topics : IPL 2026 ipl economic IPL News Kohli Sports News