जश्न की रात मातम में बदली… वर्ल्ड कप जीत के बाद फव्वारा गिरने से स्पेन के 13 साल के बच्चे की मौत

स्पेन की वर्ल्ड कप जीत का जश्न एक दर्दनाक हादसे में बदल गया। सलामांका प्रांत में जश्न के दौरान फव्वारे का हिस्सा गिरने से 13 साल के बच्चे की मौत हो गई, जबकि एक अन्य घायल हुआ है। सैकड़ों लोगों की मौजूदगी में हुई इस घटना ने खुशी के माहौल को मातम में बदल दिया।

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 20 July 2026, 5:42 PM IST
google-preferred

New Delhi: स्पेन की वर्ल्ड कप जीत का जश्न उस समय दुखद घटना में बदल गया, जब जश्न मनाने के दौरान एक फव्वारे का हिस्सा गिरने से 13 साल के एक बच्चे की मौत हो गई। यह हादसा पश्चिमी स्पेन के सलामांका प्रांत के स्यूदाद रोड्रिगो शहर में हुआ। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।

स्पेन की टीम की ऐतिहासिक जीत का जश्न मनाने के लिए बड़ी संख्या में लोग सड़कों पर उतरे थे, लेकिन किसी ने नहीं सोचा था कि खुशी का यह पल इतनी बड़ी त्रासदी में बदल जाएगा।

सैकड़ों लोगों के बीच अचानक टूटा फव्वारे का हिस्सा

स्थानीय आपातकालीन सेवाओं के अनुसार, यह हादसा सोमवार आधी रात के कुछ समय बाद हुआ। स्यूदाद रोड्रिगो शहर के केंद्र में स्थित अर्बोल गोर्डो फव्वारे के पास सैकड़ों लोग जमा थे। बताया जा रहा है कि जश्न के दौरान कई लोग फव्वारे पर चढ़ गए थे। इसी दौरान स्मारक का ऊपरी हिस्सा अचानक टूट गया और वहां मौजूद लोगों पर जा गिरा। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोग घायलों की मदद के लिए दौड़ पड़े।

भारत को मिली पहली डेंगू वैक्सीन ‘Qdenga’: जानिए कैसे करेगी यह बीमारी के चारों स्ट्रेन से बचाव

13 साल के बच्चे की मौत

आपातकालीन टीमों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया। हादसे में एक 13 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक के पैर में चोट आई है और उसका इलाज जारी है। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय प्रशासन सक्रिय हो गया। स्यूदाद रोड्रिगो टाउन हॉल ने मृत बच्चे के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि पूरे शहर को इस नुकसान का दुख है।

वर्ल्ड कप जीत का जश्न बना दर्दनाक याद

स्पेन ने 2026 फीफा वर्ल्ड कप में अर्जेंटीना को हराकर खिताब अपने नाम किया था। लंबे इंतजार के बाद मिली इस जीत को लेकर देशभर में उत्साह का माहौल था। फाइनल मुकाबला बेहद रोमांचक रहा, जिसमें निर्धारित समय तक दोनों टीमें कोई गोल नहीं कर सकीं। इसके बाद अतिरिक्त समय में फेरान टोरेस ने निर्णायक गोल कर स्पेन को जीत दिलाई। लेकिन जीत के जश्न के दौरान हुए इस हादसे ने पूरे देश को झकझोर दिया।

फीफा विश्व कप का महामुकाबला आज: क्या मेसी बचा पाएंगे ताज या स्पेन रचेगा नया इतिहास?

हादसे की जांच शुरू

प्रशासन अब इस बात की जांच कर रहा है कि फव्वारे का हिस्सा किन परिस्थितियों में टूटा और क्या सुरक्षा इंतजामों में कोई कमी थी। अधिकारियों का कहना है कि घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। फिलहाल स्यूदाद रोड्रिगो में खुशी का माहौल गम में बदल गया है।

Location :  New Delhi

Published :  20 July 2026, 4:54 PM IST

Advertisement