हिंदी
बांग्लादेश में IPL 2026 का प्रसारण पूरी तरह ठप हो गया है। सरकार की ओर से नरमी के संकेत मिलने के बावजूद जियोस्टार ने अपने ब्रॉडकास्ट पार्टनर टीस्पोर्ट्स से समझौता खत्म कर दिया। भुगतान विवाद के चलते यह फैसला लिया गया, जिससे करोड़ों क्रिकेट फैंस इस बार IPL का मजा नहीं ले पाएंगे।
बांग्लादेश में IPL का ब्लैकआउट (Image Source: Internet)
New Delhi: क्रिकेट प्रेमियों के लिए बांग्लादेश से एक बड़ी और चौंकाने वाली खबर सामने आई है। इंडियन प्रीमियर लीग यानी IPL 2026 का लाइव प्रसारण इस बार देश में नहीं हो पाएगा। खास बात यह है कि यह फैसला ऐसे समय आया है जब बांग्लादेश सरकार ने पहले इस पर लगे पुराने प्रतिबंध को हटाने के संकेत दिए थे। लेकिन अचानक हालात ऐसे बदले कि पूरे देश में IPL का टेलीकास्ट ही रुक गया।
दरअसल, भारत की प्रमुख ब्रॉडकास्ट कंपनी जियोस्टार ने बांग्लादेश में अपने प्रसारण अधिकारों को समाप्त करने का फैसला लिया है। इस फैसले ने साफ कर दिया कि अब 2026 सीजन का IPL वहां देख पाना लगभग नामुमकिन है। बांग्लादेश में IPL की जबरदस्त फैन फॉलोइंग है, ऐसे में यह खबर फैंस के लिए किसी बड़े झटके से कम नहीं है।
इस पूरे विवाद की जड़ में जियोस्टार और बांग्लादेशी ब्रॉडकास्टर टीस्पोर्ट्स के बीच का समझौता है। टीस्पोर्ट्स ने 2023 से 2027 तक IPL और महिला प्रीमियर लीग (WPL) के प्रसारण अधिकार सब-लाइसेंस पर लिए थे। लेकिन यह साझेदारी ज्यादा समय तक टिक नहीं पाई।
भारत का कड़ा रुख! ‘तीसरी आंख’ पर प्रहार, अप्रैल से चीनी कैमरों की एंट्री पर लग सकती रोक
जानकारी के मुताबिक, जियोस्टार ने टीस्पोर्ट्स को एक आधिकारिक पत्र भेजकर समझौता तत्काल प्रभाव से खत्म करने की जानकारी दी। कंपनी का साफ कहना है कि बार-बार भुगतान में देरी और तय समयसीमा का पालन न करना इस फैसले की सबसे बड़ी वजह रहा। यही कारण है कि अब न सिर्फ IPL बल्कि WPL का प्रसारण भी बांग्लादेश में रुक गया है।
हाल के महीनों में भारत और बांग्लादेश के बीच क्रिकेट को लेकर कुछ तनाव जरूर देखने को मिला है, लेकिन इस मामले में राजनीतिक कारणों की भूमिका कम नजर आती है। ऐसा माना जाता है कि यह विवाद पूरी तरह व्यावसायिक है।
जियोस्टार ने अपने फैसले में कहीं भी राजनीतिक कारणों का जिक्र नहीं किया है। साफ तौर पर भुगतान में लगातार चूक और अनुबंध के नियमों का उल्लंघन ही इस साझेदारी के टूटने की असली वजह बना। इसका मतलब यह है कि भले ही बांग्लादेश सरकार प्रसारण पर लगी पाबंदी हटाने को तैयार थी, लेकिन अब उनके पास कोई आधिकारिक ब्रॉडकास्ट पार्टनर ही नहीं बचा है।
इस पूरे घटनाक्रम का सबसे बड़ा असर बांग्लादेश के क्रिकेट प्रेमियों पर पड़ा है। IPL वहां बेहद लोकप्रिय टूर्नामेंट है और हर साल लाखों लोग इसे देखते हैं। लेकिन इस बार उन्हें अपने पसंदीदा खिलाड़ियों और टीमों को लाइव देखने का मौका नहीं मिलेगा।